बिलासपुर। कपालमोचन मेले में बैग की दुकान लगा रहे बसातियावाला निवासी प्रदीप कुमार का बैग चोरी हो गया। बैग में ढाई लाख रुपये व मोबाइल था। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव बसातियावाला निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि वह बैग बनाने का कार्य करता है। 20 नवंबर को बख्शी बैग हाउस जगाधरी से होलसेल रेट पर बैग के आठ बोरे खरीदकर मेला कपालमोचन में लेकर आया था। एक बोरे में लगभग 100 पीस छोटे व बड़े होते हैं। छोटा बैग 300 रुपये और बड़ा बैग 400 रुपये का होता है।
प्रदीप ने बताया कि उसने रविदास मंदिर कपालमोचन के सामने तीन नंबर सरकारी ट्यूबवेल के पास बैगों की दुकान लगा रखी थी। उसकी जितनी भी कमाई हो रही थी। वह उसने एक बैग में रखी हुई थी। रविवार को कपालमोचन मेला में काफी भीड़ थी। दोपहर को उसने अपना रुपयों का बैग चेक किया तो वह नहीं मिला। बैग में लगभग ढाई लाख रुपये व एक मोबाइल था। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। बिलासपुर थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान से 15 हजार की नकदी उड़ाई
यमुनानगर। शिवपुरी बी कॉलोनी निवासी दीपक कुमार ने बताया कि उसकी कॉलोनी में ही दुकान है। रोज की तरह रविवार रात को वह दुकान बंद करके सो गया था। सुबह दुकान पर पहुंचा तो उसका ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो गुल्लक का ताला टूटा पड़ा था। जिसके अंदर से 15 हजार रुपये की नकदी गायब थी। जांच में सामने आया कि यह चोरी रात करीब तीन बजे से पांच बजे के बीच में हुई। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।