संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। वार्ड-11 की महादेव कॉलोनी में जलनिकासी ठप होने से निवासी दुखी हैं। आरोप है कि कई माह से सीवर-नालियां जाम हैं, जिससे गलियों में जलभराव व कीचड़ के हालात हैं। लोगों को बीमारी फैलने का डर सता रहा है।
कॉलोनी में अंडरग्राउंड की गई नालियों के मेन हाल पर जाल भी नहीं है, जिससे राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका है। उनकी मांग है कि नगर निगम व जनस्वास्थ्य एवं जलापूर्ति अभियांत्रिकी विभाग के कर्मचारी जल्द कॉलोनी में सीवर-नालियों की सफाई कर जल निकासी दुरुस्त कराएं।
कॉलोनी के अमन संधू ने बताया कि कई माह से कॉलोनी में सीवर-नालियां जाम हैं। इनका गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में भर रहा है। इससे जगह-जगह जलभराव व कीचड़ के हालात है। इस समय मलेरिया, डेंगू जैसे मच्छर जनित रोग बढ़ने की आशंका रहती है, इसलिए निवासियों को कॉलोनी के मौजूदा हालात से बीमारियां फैलने का खतरा सता रहा है।
कॉलोनी निवासी मेघा ने बताया कि सीवर व नालियां साफ न होने से वह जाम हैं। इससे घरों से गंदे पानी की निकासी ठप हो गई है। कई घरों में गंदा पानी बैक मार रहा है। गलियों में भी गंदे पानी का भराव है। इससे आती दुर्गंध में रहना मुश्किल हो गया है।
नगर निगम व पब्लिक हेल्थ विभाग को समय रहते मौके पर टीमें भेज सीवर व नालियां की सफाई करानी चाहिए। कौशल्या का कहना है कि एक ओर विभागों की ओर से बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया जा रहा है, पर स्वयं विभागों की ओर से सफाई व जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं की जा रही है। कई माह से कॉलोनी में सीवर-नालियां जाम है, जिससे गलियों में कीचड़ हो गया है। इससे मक्खी-मच्छरों के साथ बीमारियां भी बढ़ेगी।
भगवती ने बताया कि कॉलोनी में अंडरग्राउंड की गई नालियों के कई मेनहोल पर ढक्कन नहीं हैं। इससे एक ओर गलियों से गंदगी नालियों में जा रही है, जिससे नालियां जाम हो रही है। साथ ही नालियों के मेनहोल पर ढक्कन न होने से आते-जाते राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने की भी आशंका है, इसलिए नगर निगम को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।
कर्मचारियों को मौके पर भेज समस्या का समाधान कराया जाएगा। जल्द निवासियों की परेशानी दूर कर दी जाएगी। - हरजीत सिंह, सीएसआई, नगर निगम।