संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दहेज उत्पीड़न के दो मामलों में पुलिस ने सात लोगों पर केस दर्ज किए है। एक विवाहिता ने दहेज में कार से मिलने पर ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। दूसरी महिला ने दहेज में कीमती सामान के लिए सताने का आरोप लगाया है।
भीलछप्पर निवासी पूनम रानी ने बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हरियाणा शिक्षा विभाग में प्रवक्ता के पद पर नौकरी करती है। उसके पति कर्मजीत रेलवे वर्कशाप जगाधरी में एसएससी पद पर कार्यरत हैं। वर्ष 2013 में शादी हुई थी। आराेप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही उसका पति व ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे।
उस पर मायके से कार लेकर आने का दबाव बनाया गया। आरोपी पति ने अपने भाई की शादी के लिए भी मायके वालों से एक लाख रुपये लिए। आरोप है कि बाद में उस पर तलाक लेने का दबाव बनाया गया। मना करने पर मारपीट की गई और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। पुलिस ने पति कर्मजीत व उसके भाई अशोक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, पेपर मिल काॅलोनी निवासी शिवानी ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2008 में अंबाला शहर निवासी दीपक सोबती के साथ हुई थी। उसके पास एक बेटा व बेटी है। वह आईटीआई अंबाला शहर में नौकरी करती है। एक दिन वह अपने बेटे से मिलने के लिए ससुराल में गई तो ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे धक्के मारकर निकाल दिया।
अंबाला थाना में शिकायत देने पहुंची तो वहां पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। वह अब मायके में बच्चों समेत रहती है। अब उसे लगातार धमकी दी जा रही है। शहर थाना पुलिस ने मामले में आरोपी पति दीपक सोबती, सास नीलम सोबती, चाचा ससुर हिमेश सोबती, फूफा ससुर गुलशन वासन, बुआ सास शारदा वासन पर केस दर्ज कर लिया है।