संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार कराने के लिए केंद्र सरकार ने नए पात्रों की सूची जारी की है। परंतु सर्वर में आ रही दिक्कत के कारण नए पात्र अपना आयुष्मान कार्ड नहीं बनवा पा रहे हैं। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोग कार्ड बनवाने के लिए यहां से वहां भटक रहे हैं। जब यह आयुष्मान भारत योजना की शुरूआत हुई थी तब जिले में करीब 805000 लोग इसके दायरे में आए हैं। योजना के तहत लोग आयुष्मान भारत योजना के पैनल में आने वाले किसी भी सरकारी या निजी अस्पताल में पांच लाख रुपये सालाना तक का मुफ्त उपचार करवा सकते हैं। अब तक पात्राें में से करीब 735000 के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं।
लोकसभा चुनावों से पहले लगी आदर्श आचार संहिता की वजह से नए पात्रों की लिस्ट जारी नहीं हो पाई थी। वहीं काफी लोग ऐसे थे जिनकी गलती से परिवार पहचान पत्र में वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपये से ज्यादा लिखी गई थी। अब जिन लोगों ने इसे ठीक करवा लिया है उनमें से काफी नए पात्रों के नाम योजना में आए हैं।
ऐसे लोग अटल सेवा केंद्र या मोबाइल एप से लिस्ट में अपना नाम चेक कर सकते हैं। यदि लिस्ट में नाम है तो वह किसी भी अटल सेवा केंद्र या फिर आयुष्मान भारत एप के जरिये अपना कार्ड ऑनलाइन बनवा सकते हैं। परंतु मोबाइल एप से नए पात्र अपने कार्ड नहीं बनवा पा रहे हैं। कार्ड में केवाईसी का विकल्प आता है। केवासी में सारी जानकारी देने के बाद यह मैसेज भी दिखता है कि आपका आयुष्मान कार्ड बन चुका है। जिसे थोड़ी देर बाद डाउनलोड किया जा सकता है। परंतु बाद में कार्ड को डाउनलोड करने का विकल्प ही नहीं आता। बार-बार प्रयास करने के बाद भी यही मैसेज आता रहता है लेकिन कार्ड डाउनलोड नहीं हो रहे। जिससे लोग काफी परेशान हैं।