संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) का निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है। सीसीयू के लिए मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल के परिसर में जगह का चयन पहले ही किया जा चुका है। इसके निर्माण पर करीब 33 करोड़ रुपये खर्च आना है। निर्माण को सिरे चढ़ाने के लिए टीम जनवरी माह में चयनित जगह का दौरा कर चुकी है।
अब मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हर जिले में 50 बेड का सीसीयू बनाने की बात कही है। माना जा रहा है कि जल्द ही क्रिटिकल केयर यूनिट की नींव रखी जा सकती है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत बनने वाले इस सीसीयू की ड्राइंग जनवरी 2024 में ही फाइनल कर दी गई थी। इसके तीन मंजिला भवन में गंभीर रोगों के मरीजों के लिए 50 बेड की व्यवस्था होगी।
जिला नागरिक अस्पताल में सिविल सर्जन कार्यालय के सामने खाली पड़ी जमीन पर सीसीयू का निर्माण होना है। यह जमीन करीब 7000 वर्ग मीटर है। क्रिटिकल केयर यूनिट के बनने से गंभीर रोगों के मरीजों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। इसमें कोरोना पाॅजिटिव, डायलिसिस, हार्ट, ब्रेन अटैक, फेफड़ों संबंधी रोगी, आग व करंट से झुलसे लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा। वर्ष 2020 में जब कोरोना महामारी आई थी तो संसाधनों के अभाव गंभीर रोगियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। भविष्य में इस तरह की संभावनाओं को देखते हुए केंद्र नेा सीसीयू का निर्माण का निर्णय लिया था।