संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से अंडर-14 आयुवर्ग की जिलास्तरीय प्रतियोगिता बूड़िया चुंगी रोड स्थित आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बालक-बालिका वर्ग में कराई गई। प्रतियोगिता में पंचकूला में 21 से 23 अगस्त तक होने वाली राज्यस्तरीय स्पर्धा के खिलाड़ियों का चयन किया गया।
प्रतियोगिता में जिलेभर के करीब 250 खिलाड़ियों ने भाग लिया। लड़कों-लड़कियों की टीमों में 12-12 खिलाड़ियों का चयन किया गया। लड़कियों की प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैंप की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल यमुनानगर की टीम रही।
तीसरा स्थान मेजबान आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी की टीम ने पाया। इसी तरह लड़कों की प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैंप की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर सेंट विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल की टीम रही। वहीं, तीसरा स्थान श्री सत्य साईं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दड़वा ने प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि कैंप स्थित अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की डेंटल सर्जन डॉ. श्रुति जैन ने खिलाड़ियों का परिचय लेकर प्रतियोगिता का शुभारंभ करवाया गया। उन्होंने खिलाड़ियों को हमेशा खेल भावना से जीत का प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है। बल्कि इसमें सुनहरे भविष्य की अपार संभावनाएं हैं।
प्रतियोगिता जिला एसोसिएशन सचिव डॉ. गोपाल सिंह के नेतृत्व में करवाई गई। प्रतियोगिता संयुक्त सचिव एवं कोच विशाल कुमार की देखरेख में हुई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के कोच और प्रशिक्षकों ने रेफरी की भूमिका निभाई। विजेताओं को मुख्य अतिथि ने पदक पहनाकर व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके बाद राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए ट्रायल कराए गए।
विजेता खिलाड़ियों के साथ एसोसिएशन के पदाधिकारी, अतिथि व अन्य। आयोजक