यमुनानगर। सोमवार को जिले में कोरोना के 155 संक्रमित केस मिले व 190 मरीज ठीक होकर अपने घर पहुंच गए। जिले में कोविड-19 का रिकवरी रेट 96.29 प्रतिशत हो गया है। कुल आबादी का 48.31 प्रतिशत का कोरोना टेस्ट हो चुका है। अब तक जिले में कुल 28960 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 80 यमुनानगर के बाहर अन्य स्थानों के हैं। अब तक 27887 मरीज ठीक हो चुके हैं। सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया ने बताया कि अब जिले में कोरोना के 631 सक्रिय मरीज हैं, जिसमें से 529 लोग घर पर व 102 लोग अस्पताल में दाखिल हैं। अभी तक 580721 सैंपल लिए जा चुके हैं जिनमें से 545548 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। 1501 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
प्रमाण पत्र न होने से आ रही दिक्कत
कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज का प्रमाण पत्र न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चूंकि जिन लोगों को अभी तक दोनों डोज नहीं लगी है उनका प्रवेश सरकारी संस्थानों में बंद कर रखा है। इसलिए लोग कोविन के पोर्टल से वैक्सीन की दूसरी डोज का प्रमाण पत्र डाउनलोड कर अपने मोबाइल में रख रहे हैं। परंतु जिन लोगों को दोनों डोज लग चुकी हैं उनमें से कइयों का रिकार्ड पोर्टल पर मौजूद नहीं हैं और न ही उनके पास वैक्सीन लगने के बाद कोई मैसज आया है।
प्रार्थना पत्र देकर ले सकते हैं: विजय दहिया
सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते कई बार पोर्टल पर दूसरी डोज लगने का डाटा अपडेट नहीं हो पाता। जिस कारण पोर्टल पर यही दिखता है कि उन्हें दूसरी डोज नहीं लगी है। ऐसे लोग उनके कार्यालय में एक सादे कागज पर प्रार्थना पत्र देकर प्रमाण पत्र ले सकते हैं।