संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। विद्यार्थियों को स्काउट एवं गाइड की गतिविधियों से परिचित करवाने व इसमें भाग लेने को प्रेरित करने के लिए विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विद्यालयों में जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को गतिविधियों में भाग लेने और सामाजिक कार्यों के प्रति प्रेरित करना है।
शिविर भारत स्काउट एवं गाइड और हिंदुस्तान स्काउट एवं गाइड दोनों संस्थाओं की ओर से शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा रैली, प्रतियोगिता व अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया जाएगा। विद्यालयों में शिविर लगाने को लेकर शिक्षा निदेशालय की ओर से पत्र जारी किया गया है।
पत्र में निदेशालय ने दोनों संस्थाओं के शिविर विद्यालयों में लगाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को प्रबंध करने के आदेश जारी किए हैं। पत्र में कहा कि हरियाणा स्टेट भारत स्काउट एवं गाइड और हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड हरियाणा स्टेट को शिविर लगाने की अनुमति दी गई है। वहीं, निदेशालय ने भेदभाव न बरतने और दोनों संस्थाओं को समान अवसर उपलब्ध करवाने के आदेश दिए हैं।
निदेशालय तक भेदभाव बरतने की शिकायत की संस्थाओं की ओर से कई बार की जा चुकी है। इसके बाद निदेशालय ने इसे इंगित करते हुए आदेश जारी किए हैं। जहां जिस संस्था के सदस्य ज्यादा होते हैं, वहां उनके शिविर व अन्य गतिविधियों को ज्यादा प्राथमिकता दी जाती है। ऐसे में निदेशालय ने दोनों संस्थाओं को एक समान अवसर उपलब्ध करवाने के आदेश दिए हैं। निदेशालय ने कहा कि यदि दोनों संस्थाओं की ओर से बिना विभाग की अनुमति के कोई पत्र जारी किया जाता है तो विभाग को इसकी सूचना दी जाएगी।
इस सप्ताह से शुरू होंगे शिविर
जिला परियोजना सह-समन्वयक डॉ. धर्मबीर सिंह ने कहा कि शिविर के लिए सभी स्कूलों के प्रभारियों व मुखियाओं को निर्देस दिए गए हैं। शिविर के अनुसार शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। स्काउट एवं गाइड शिविर में विद्यार्थियों को सामाजिक व साहसी कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाता है। इससे उन्हें अनुशासन, कर्तव्य निष्ठा, सामाजिक दायित्व, दूसरों की सहायता करना, समूह में काम करना, आपदा में स्वयं को बचाते हुए दूसरों की रक्षा करना इत्यादि कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाता है। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्काउट एवं गाइड में शामिल करना है।