संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। ब्लॉक रादौर के छोटे से गांव खेड़की ब्राह्मणा की पंचायत को जिले में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर केंद्र सरकार सम्मानित करने जा रही है। गांव की महिला सरपंच कुलविंद्र कौर को सर्वश्रेष्ठ कार्य करने पर सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
सरकार की ओर से गांव की सरपंच को पत्र भेजकर उन्हें सम्मानित किए जाने के बारे में अवगत करवाया गया है। रादौर से लगभग सात किलोमीटर दूर स्थित गांव खेड़की ब्राह्मणा की सरपंच कुलविंद्र कौर ने अपने लगभग साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में जिले स्तर पर बेहतर कार्य कर एक मिसाल कायम की है। गांव की पंचायत की आमदनी कम होने के बावजूद महिला सरपंच ने गांव के लोगों को सरकार की योजनाओं का लगभग 100 प्रतिशत लाभ दिलवाने में एडी चोटी का जोर लगा दिया।
इसकी बदौलत आज गांव खेडकी ब्राह्मणा की सरपंच को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा रहा है। जैसे ही गांव की पंचायत को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर कार्य करने को लेकर जिले में पहला स्थान प्राप्त होने की सूचना गांव के लोगों को मिली तो ग्रामीण खुशी से झूम उठे। गांव के लोगों ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई।
अब 26 जनवरी को कुलविंदर कौर अपने पति परमजीत सिंह पम्मी के साथ नई दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस की परेड कार्यक्रम में भाग लेंगी। जहां उन्हें विशेष अतिथि के तौर पर सरकार की ओर से आमंत्रित किया गया है। सरकार की ओर से उन्हें कार्यक्रम में भाग लेने के लिए विशेष निमंत्रण भेजा गया है।
कुलविंदर कौर ने बताया कि लगभग साढ़े तीन वर्ष पहले गांव खेड़की ब्राह्मणा के लोगों ने उन्हें चुनाव जितवा कर गांव की सरपंच चुना था। उन्होंने सरकार की ओर से हर घर जल योजना को लागू किया। जिसके तहत गांव के सभी लोगों को पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध हुआ है।
रोटरी क्लब, इनरव्हील क्लब, महाराणा प्रताप पार्क एसोसिएशन, अग्रसेन पार्क एसोसिएशन, वेलफेयर एसोसिएशन, ब्लॉक सरपंच एसोसिएशन की ओर से गांव खेड़की ब्राह्मणा की पंचायत को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिलने पर विशेष रूप से शुभकामनाएं दी गई है। इनरव्हील क्लब की प्रधान लक्ष्मी चोपड़ा ने कहा कि गांव खेड़की ब्राह्मणा की सरपंच ने गांव में बेहतर कार्य कर एक मिसाल कायम की है। जिससे समाज में महिलाओं का मान सम्मान बढ़ा है।