संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज में लीगल लिटरेसी सेल, राजनीति शास्त्र विभाग और समाजशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय मतदाता दिवस व राष्ट्रीय बालिका दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें पोस्टर मेकिंग और निबंध लेखन प्रमुख रहीं।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में बीए अंतिम वर्ष की आसमा ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि खुशी दूसरे और नैंसी तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं निबंध लेखन प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की कशिश ने पहला तथा दिपांशु ने दूसरा स्थान हासिल किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. सुरिंद्र कौर, लीगल लिटरेसी सेल की कनवीनर डॉ. शिखा सैनी और समाजशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रिया ने संयुक्त रूप से की। इतिहास विभाग की अध्यक्ष डॉ. अमनप्रीत कौर को-ऑर्डिनेटर रहीं। निर्णायक मंडल में डॉ. किरण शर्मा और विकास वालिया शामिल रहे।
डॉ. सुरिंद्र कौर ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर छात्राओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदान के महत्व और जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के बारे में जागरूक किया। इस दौरान बीकॉम अंतिम वर्ष की अश्मिता चौहान ने नवाचार के माध्यम से शिक्षा का अधिकार, स्टार्टअप और सामाजिक उद्यमिता की भूमिका विषय पर विचार रखे।
वहीं बीएससी अंतिम वर्ष की ओजस्वी वर्मा ने तकनीक और सामाजिक बदलाव में छात्राओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में छात्राओं ने बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, समान अवसर और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया।