क्षेत्र के गांव रापडी में गली पर अवैध कब्जा कर रहे लोगों को रोकने गए गांव की महिला सरपंच ऊषा रानी के पति राकेश कुमार व गांव के नंबरदार नरेश कुमार पर लाठियों, डंडो से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। हमले में एक महिला सहित चार लोगों को गंभीर चोटें आई है। जिन्हें इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पकड़े गए दोनो हमलावरों को पुलिस ने बाद में बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया।
गांव रापडी की महिला सरपंच के पति व भाजपा नेता राकेश कुमार ने बताया कि गांव के कुछ लोगों द्वारा गली पर अवैध रूप से निर्माण कार्य कर कब्जा किए जाने की सूचना उन्हे मिली थी। जिसके बाद वह गांव के नंबरदार नरेश कुमार के साथ मौके पर गए तो उन्होंने देखा कि गांव के कुछ लोग 10 फुट की गली पर निर्माणकार्य कर अवैध रूप से उस पर कब्जा कर रहे थे। उसने इसका विरोध किया तो अवैध कब्जाधारियों ने बाहर से हमला करने के लिए बुला रखे बदमाशों से उन पर लाठियों, डंडो से हमला करवा दिया। जिस कारण उसे व नंबरदार नरेश कुमार, तेजोदेवी व यशपाल को गहरी चोटें आई। हमलावरों ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। लेकिन कुछ देर बाद ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को छोड़ दिया।
थाना जठलाना प्रभारी ने बताया कि झगड़े में दोनों पक्षों के कुछ लोगों को चोटें आई है। पुलिस दोनों पक्षों के ब्यान ले रही है। जांच केे बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।