व्यासपुर। फसल खरीद सीजन की तैयारियों के मद्देनजर एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने मार्केट कमेटी के चेयरमैन विपिन सिंगला, वाइस चेयरमैन सूरजभान व अन्य अधिकारियों के साथ बिलासपुर अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान मंडी परिसर में किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और खरीद व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंडी में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, शेड, तौल व्यवस्था, फसल खरीद केंद्रों व अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि खरीद सीजन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मार्केट कमेटी के चेयरमैन विपिन सिंगला ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मंडी में सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएंगी और खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंडी परिसर का भ्रमण कर आवश्यक सुधार कार्यों की पहचान की और उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।