यमुनानगर। पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करों के दो अलग-अलग मामलों में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 ग्राम स्मैक और 334 ग्राम अफीम बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अदालत में पेश कर उन्हें रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी कमलदीप गोयल के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने कलानौर मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक बाइक को रोककर तलाशी ली तो बाइक सवार छछरौली की रहमिया कॉलोनी निवासी रियासत और इस्लाम के पास से 20-20 ग्राम, कुल 40 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बाइक पर नशे की सप्लाई करने आए थे। एक अन्य कार्रवाई में एएसआई अमित कुमार की टीम ने खुडेवाला-मुसिम्बल रोड से अंबाला के नगला राजपूतान निवासी रामलाल को 334 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अफीम भभोली निवासी शुभम से लेने की बात कबूली, जिसके बाद पुलिस ने शुभम को भी गिरफ्तार कर लिया।