यमुनानगर। त्योहारी सीजन में सबसे अधिक बूम इलेक्ट्रॉनिक सामान के बाजार में है। इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम और दुकानों में एलईडी, वॉशिंग मशीन व होम थिएटर की बिक्री में तेजी आई है। कुछ लोग हाथों हाथ सामान खरीद घर ले जा रहे हैं और कुछ धनतेरस के लिए सामान खरीदने की बुकिंग करवा रहे हैं। शोरूम व दुकान संचालक भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए छूट के साथ उपहार दे रहे हैं और फाइनेंस पर भी सामान खरीदने के ऑफर दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जिले में करीब 200 इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम हैं। इसके अलावा कई दुकानें भी हैं। त्योहारी सीजन को भुनाने के लिए हर शोरूम व दुकान संचालक ग्राहकों को तरह-तरह के प्रलोभन दे रहे हैं। अधिकतर शोरूम व दुकानों के बाहर सामान रख ग्राहकों को ध्यान खींचने का प्रयास कर रहे हैं। यहां सभी सामान पर बकायदा छूट, उपहार व अन्य ऑफर के साथ रेट लिस्ट की तख्तियां व पंफ्लेट लगे हैं।
कई शोरूम पर एक सामान के साथ एक फ्री, 20 से 50 प्रतिशत तक छूट, कोई भी सामान खरीदने पर उपहार जैसे ऑफर हैं। इसके अलावा जो लोग सामान नकद नहीं खरीद सकते, उनके लिए फाइनेंस पर सामान खरीदने का विकल्प है। कई जगह जीरो प्रतिशत ब्याज पर और आसान ईएमआई पर सामान बेचा जा रहा है। शहर में जगाधरी वर्कशॉप के विष्णु नगर और पेपर मिल गेट के पास गेरा विजन के शोरूम पर भी इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने को लेकर सुबह से शाम तक ग्राहकों की भीड़ लगी है। शोरूम संचालक योगेश गेरा ने बताया कि एलईडी, वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर, होम थिएटर, एसी सहित तमाम बिजली उपकरणों की खूब मांग है। त्योहार के दिनों में ग्राहकों के लिए कई तरह के ऑफर दिए जा रहे हैं।
सबसे ज्यादा हो रही एलईडी व होम थिएटर की बिक्री
बाजार में इलेक्ट्रॉनिक सामान में सबसे ज्यादा एलईडी व होम थिएटर बिक रहे हैं। ऐसे ही बूड़िया स्थित एक दुकान पर पहुंचे ललित शर्मा ने बताया कि एलईडी लेने पहुंचे हैं। फिलहाल दोनों सामान पसंद कर रहे हैं, जिसकी एडवांस बुकिंग कर धनतेरस के दिन खरीदकर घर ले जाएंगे। क्योंकि धनतेरस पर खरीदारी को शुभ माना जाता है। ऐसे ही रेलवे रोड स्थित शोरूम पर पहुंचे सुद्धांशु ने कहा कि उन्हें होम थिएटर लेना है, जिसके लिए अलग-अलग शोरूम व दुकानों पर जाकर उनकी विशेषताएं जान रहे हैं। जहां अधिक विशेषताओं वाला होम थिएटर मिलेगा, वहां हाथों हाथ खरीदने का मन है।