अमेरिका से कोरियर के माध्यम से गिफ्ट भेजने की बात कहकर एक युवक ने प्रेम नगर कॉलोनी निवासी रजनी से 21.21 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी युवक से उसकी मुलाकात शादी डॉट कॉम पर हुई थी। आरोपी ने शादी करने की बात कहकर युवती को अपने जाल में फंसाया था। इसके बाद गिफ्ट भेजने की बात कहकर कोरियर फीस के नाम पर उससे लाखों रुपये ले लिए। युवती की शिकायत पर शहर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
प्रेम नगर निवासी रजनी ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने साल 2020 में उसने शादी डॉट कॉम पर प्रोफाइल बनाई थी। तब दिलशेर पुरथी नाम की प्रोफाइल से उसे रिक्वेस्ट आई। उसने खुद को यूएसए के शिकागो से बताया। दिलशेर ने उससे कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। उसने कहा कि शादी से पहले वह एक बार उससे और उसके परिवार से मिलना चाहती है, लेकिन आरोपी ने कोरोना का बहाना बना दिया। 19 अप्रैल को आरोपी ने उससे कहा कि उसने यूएसए में उसके लिए शॉपिंग की है जिसे वह भारत भेज रहा है। 21 अप्रैल को उसके पास एक नंबर से कॉल आई, जिसने खुद को मुंबई एयरपोर्ट का अधिकारी बताया। उसने कोरियर लेने के लिए 25500 रुपये कस्टम ड्यूटी देने को कहा। तब उसने कॉल करने वाले के बताए अकाउंट में पैसे जमा करा दिए। इसके बाद फिर फोन आया कि 65500 रुपये एयरपोर्ट अथॉरिटी से सर्टिफिकेट लेने के लगेंगे। उसने दिलशेर पर कॉल की तो उसने कहा कि जो पार्सल उसने भेजा है, उसमें 15 हजार डालर हैं। उसे क्लीयर कराने के लिए ये पैसे देने पड़ेंगे। उसने 65500 रुपये भी दे दिए। इसके बाद कॉट कोड के नाम पर 99702 रुपये मांगे। 26 अप्रैल को 185900 रुपये और फार्म भरने के नाम पर उससे 349900 रुपये मांगे गए। इसके बाद पांच मई को 175000 रुपये और इसके बाद करेंसी बदलने के लिए दो लाख रुपये और ले लिए। इसके बाद उसके पास एक लिंक भेजा और उससे 11 मई को दो लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। उसने दिलशेर से बात की। उसने कहा कि वह भारत आ रहा है। वह वहां पर आकर खुद ही पार्सल की पेमेंट दे देगा।
दिलशेर ने 22 जून को भारत आने की बात कही और एक नंबर से कॉल कर कहा कि कोविड की वजह से उसे हेल्थ इंश्योरेंस के 35000 रुपये देने होंगे। उसके पास भारतीय मुद्रा नहीं है। उसने उसे पैसे उधार लेकर ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद दिलशेर ने उससे एक सिम और एटीएम कार्ड भेजने को कहा। उसने दिलशेर के दिल्ली में दिए पते पर एक सिम और अपना एटीएम कार्ड भेज दिया। 16 जुलाई को दिलशेर ने कहा कि वह वापस आ गया है। तब उसने दिलशेर को कहा कि उसके न तो पैसे वापस आए और न ही कोई पार्सल और न ही वह उसके पास आया। इस पर आरोपी ने उसे पहचानने से मना कर दिया। युवती का कहना है कि आरोपी के पास उसका सिम और एटीएम कार्ड है। जोकि वह नहीं दे रहा। वह उसे यूज कर रहा है। वहीं वह उससे लाखों रुपये भी ठग चुका है। युवती ने बताया कि आरोपी दिलशेर ने उसे जाल में फंसाकर धोखाधड़ी की। आरोपी ने इस दौरान उससे करीब 21.21 लाख रुपये ठगे है। युवती की शिकायत पर शहर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि इक्नोमिक सेल व साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।