रादौर। रोटरी क्लब की ओर से सोमवार को शहर के सरकारी अस्पताल में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया गया। क्लब के सचिव भारत माटिया की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में अस्पताल की 18 स्टाफ नर्सों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अस्पताल के एसएमओ डॉ. विजय परमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. परमार ने कहा कि विश्व में प्रत्येक वर्ष 12 मई को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि इस दिन आधुनिक नर्सिंग की संस्थापक फ्लोरेंस नाइटिंगेल का जन्म हुआ था, जिन्होंने नर्सिंग सेवा को नई दिशा दी।
नर्सें बिना किसी भेदभाव के मरीजों की सेवा करती हैं और स्वास्थ्य सेवाओं में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों और नर्सों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि कठिन समय में नर्सें मजबूत दीवार बनकर मरीजों के साथ खड़ी रहीं। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में नर्सों का विशेष योगदान है। इस मौके पर देवीदयाल अरोड़ा, मोहनलाल अरोड़ा, मोहित गर्ग, संदीप सैनी, ब्रह्मप्रकाश टंडन, राजू गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।