फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: अधर में आरओबी, ऑटो मार्केट, निगम भवन

Wed, 25 Dec 2024 10:11 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
राहुल शर्मा
विज्ञापन

यमुनानगर। ट्विनसिटी (यमुनानगर-जगाधरी) की कई परियोजनाएं वर्ष-2024 में पूरी नहीं हो पाईं, जो वर्ष-2025 में पूरी होने की उम्मीद है। इनमें कई परियोजनाएं ऐसी हैं, जिनका काम काफी समय पहले शुरू हो गया था, बावजूद इसके यह गत वर्षों की तरह इस साल भी अधर में रही या इन पर काम नहीं हो पाया।
इनमें पुराना रादौर रोड पर रेलवे फाटक की जगह आरओबी, चांदपुर, गधौली व गुलाब नगर में ऑटो मार्केट, यमुनानगर व जगाधरी दोनों शहरों के लिए नगर निगम का संयुक्त भवन, नगर निगम की सीमाओं पर स्वागत द्वार, वेंडिंग जोन जैसी परियोजनाएं हैं। इन पर नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा का कहना है कि आ रहीं अड़चने दूर कर जल्द सभी परियोजनाओं का काम पूरा कराया जाएगा।
विज्ञापन

नगर निगम यमुनानगर जगाधरी की ओर से चांदपुर, गुलाब नगर व गधौली में ऑटो मार्केट का निर्माण होना है। यह परियोजना बने तीन साल हो चुके हैं, पर गत दो वर्षों की तरह वर्ष-2024 में भी यह अधर में रही। अभी चांदपुर में ही काम लगा है, जहां 3.16 करोड़ रुपये से 42 में से 21 दुकानें ही बन पाई। साथ ही न पेयजल, निकासी, लाइट जैसी सुविधाएं हैं और न बनी दुकानों में शिफ्टिंग हो पाई है। ऐसे ही 19.65 करोड़ रुपये से गुलाब नगर व गधौली में ऑटो मार्केट बननी है। इनके अभाव में वाहन मरम्मत की दुकानों के आगे जाम के हालात हैं।
आरओबी न बनने से कई किमी. दूर से आ-जा रहे लोग- पुराना रादौर रोड पर रेलवे फाटक की जगह निर्माणाधीन आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) वर्ष 2024 में भी पूरा नहीं हो पाया, जबकि इसका काम सितंबर-2021 से जारी है। यह डेढ़ साल में पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन तीन साल में भी पूरा नहीं है। इससे शहर की यहां से कुरुक्षेत्र-सहारनपुर मार्ग से कनेक्टिविटी बंद है। इससे दोनों ओर बसे कॉलोनियों व गांवों के लोगों सहित कुरुक्षेत्र-सहारनपुर से शहर आने-जाने वाले लोग कई किलोमीटर घूमकर जमुना गली अंडरपास या चांदपुर आरओबी से आ-जा रहे हैं। आरओबी का निर्माण रेलवे व पीडब्ल्यूडी कर रहे हैं।
महर्षि वाल्मीकि, गुरु रविदास, गुरु गोबिंद सिंह व यमुना मईया के नाम से नगर निगम की सीमाओं पर 100 फीट चौड़े स्वागत द्वारा वर्ष 2024 में भी नहीं बन पाए, जबकि इसका प्रस्ताव नगर निगम की सदन बैठक में वर्ष-2019 का मंजूर है। ये स्वागत द्वार रादौर-यमुनानगर मार्ग पर दामला व पांसरा और जगाधरी-पांवटा मार्ग पर कैल व मानकपुर समीप बनने हैं। इनमें पांसरा में केवल दोनों ओर पिलर बनाने से आगे काम नहीं हुआ।
नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी ने कई जगह वेंडिंग जोन बनाए, पर उनमें तीन जगह वर्ष-2023 की तरह वर्ष-2024 में भी रेहड़ियां शिफ्ट नहीं हो पाई। इनमें सेक्टर-17 समीप गणेश नगर, शक्ति नगर में वेयर हाउस गोदाम के सामने, सिटी थाने के सामने बने वेंडिंग जोन शामिल हैं। जहां करोड़ों रुपये खर्च के बाद भी बने वेंडिंग जोन सुनसान पड़े हैं और ज्यादातर रेहड़ियां पहले जैसे शहरी सड़कों पर ट्रैफिक जाम कर रही है।
विज्ञापन

खस्ताहाल भवनों में नगर निगम दफ्तर
नगर निगम के यमुनानगर व जगाधरी दोनों शहरों के नए संयुक्त भवन का निर्माण वर्ष 2024 में भी शुरू नहीं हुआ। वहीं इसकी घोषणा, टेंडर व शिलान्यास वर्ष-2018 में हुए थे। चिह्नित गोबिंदपुरी की जमीन के विवाद के बाद वर्ष-2024 में डीसी कैंप ऑफिस के सामने जगाधरी मंडी में मार्केट कमेटी की जमीन चिह्नित हुई, पर काम शुरू नहीं हुआ। ऐसे में दोनों शहर में निगम के दफ्तर तीन जगह लगने से लोग एक से दूसरी जगह चक्कर लगा रहे हैं, जिनमें शहीद भगत सिंह चौक व जगाधरी के टाउन हाल समीप बने भवन खस्ताहाल हैं और पर्याप्त वाहन पार्किंग भी नहीं है।

शामली कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते बसपा कार्यकर्ता  । संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें