संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भील छप्पर गांव की गलियों व फिरनी पर गांव के लोगों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को ग्राम पंचायत ने मंगलवार को हटवा दिया। ग्राम सचिव राजकुमार, सरपंच संजीव शास्त्री,पंचों व गांव के मौजिज लोगों की उपस्थिति में जेसीबी मशीन से अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
सचिव राजकुमार व सरपंच संजीव शास्त्री ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने गांव की फिरनी व गलियों पर अवैध रूप से कूड़ा कर्कट डाल रखा था। कुछ लोग के द्वारा गली में उपले बना कर रख गए थे, जिससे ग्रामीणों को गलियों व फिरनी में से गुजरने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। अनेक बार चार पहिया वाहन चालक के गुजरने से सारे उपले गली में फैल जाते थे।
पंचायत की ओर से सूचना देने पर कुछ लोगों ने अपना सामान स्वयं हटा लिया था और जो रह गया था उसे प्रशासन की टीम ने जेसीबी से हटा कर गलियों व फिरनी को खुलवा दिया गया। पूरी कार्यवाही शांतिपूर्वक तरीके से की गई। सचिव राजकुमार ने बताया कि सुशासन दिवस के अवसर को लेकर गांव में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
शामली कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते बसपा कार्यकर्ता । संवाद