संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दिवाली तक शहर की सड़कें गड्ढा मुक्त कर चकाकच कर दी जाएंगी। ऐसी नगर निगम अफसरों ने योजना बनाई है। इसके तहत अफसर मानसून की बारिश से क्षतिग्रस्त शहरी सड़कों की मरम्मत कराएंगे। साथ ही जिन सड़कों का पुनर्निर्माण व अन्य निकासी के काम होने हैं, वह भी त्योहारी सीजन के बीच पूरे करने का लक्ष्य है। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने इंजीनियरिंग ब्रांच को निर्देश दे दिए हैं।
नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी क्षेत्र में काफी सड़कें तो मानसून से पहले ही क्षतिग्रस्त हैं। इनकी हालत जुलाई व अगस्त में हुई मानसून की बारिश में और बिगड़ गई। कई सड़कों पर गड्ढों का आकार बढ़ गया है तो कई मार्गों पर केवल बिखरी बजरी ही रह गई। इन पर वाहन चालक गड्ढों के झटके झेलते हुए या उनसे बचते-बचाते निकल रहे हैं।
इस बीच कई गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालक सड़कों पर बिखरी बजरी पर टायर फिसलने से वाहन सहित गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सड़कों पर बिखरी बजरी वाहनों के टायरों के नीचे आने पर आसपास की दुकानों में गिर रही हैं। इससे दुकानदार व ग्राहकों के चोटिल होने व दुकानों में रखे सामान के नुकसान की आशंका है।
इसी को मद्देनजर रख हर वार्ड में सड़कों की विशेष मरम्मत के कार्य होने हैं। जिसके लिए इंजीनियरिंग ब्रांच के अफसर एस्टीमेट तैयार करने से लेकर टेंडर प्रक्रिया सिरे चढ़ाने में लगे हैं। अफसरों की मानें तो दिवाली तक काफी सड़कों की हालत सुधार दी जाएगी।
यह सड़कें क्षतिग्रस्त
शहर में शहीद भगत सिंह चौक से गुरु नानक खालसा कॉलेज रोड, चूना भट्टी से यमुना नहर की पटरी, चिट्टा मंदिर रोड, तेजली गांव से निकल रही मुख्य सड़क, श्री लाल द्वारा रोड, सेक्टर-17 व 18 और मॉडल टाउन में मुख्य व लिंक मार्ग, जगाधरी में रेलवे बाजार, प्रकाश चौक से इंजीनियरिंग कॉलेज व अन्य सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। इनमें मानसून से पहले ही गड्ढे थे, जिनका मानसून की बारिश में आकार और बढ़ गया। चिट्टा मंदिर रोड व शहीद भगत सिंह चौक से गुरु नानक खालसा कॉलेज रोड पर तो जगह-जगह केवल बजरी बिखरी रह गई है। इस पर आने-जाने वाले राहगीर व वाहन चालक दिक्कत झेल रहे हैं।
मानसून की बारिश में क्षतिग्रस्त सड़कों से हो रही परेशानी लोगों को अधिक समय न झेलनी पड़े, इसलिए इंजीनियरिंग ब्रांच को क्षतिग्रस्त व टूटी सड़कों को चिह्नित कर मरम्मत के काम लगाने के निर्देश दिए हैं। - आयुष सिन्हा, आयुक्त, नगर निगम।