सड़कों के गड्ढे भरने के लिए अब सक्षम योजना के तहत बेरोजगारों का सहारा लिया जाएगा। इसके तहत सक्षम युवा हरपथ एप पर सड़कों के गड्ढों की फोटो अपलोड करेंगे, जिसके बाद पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारी उन गड्ढों को दुरुस्त करवाएंगे। शुरुआत में 50 सक्षम युवाओं को हरपथ पर गड्ढों की फोटो अपलोड करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। अगर यह योजना सफल रही तो इसे आगे विस्तार दिया जाएगा।
जनवरी माह में हुई अच्छी बारिश ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों को काफी नुकसान पहुंचाया है। सड़कों पर गड्ढों और बजरी से आवाजाही मुश्किल हो रही है। यही कारण है कि इस दिशा में प्रशासन की ओर से संज्ञान लिया गया है। इससे पहले 28 जनवरी को जिला सचिवालय में सड़क सुरक्षा की बैठक हुई थी, जिसमें टूटी सड़कों का मामला जोर-शोर से उठा था। शहर में सेक्टर-18 की सड़कें हो या फिर मॉडल टाउन की। इसी तरह कन्हैया साहिब चौक से लेकर माता अहिल्या बाई होल्कर चौक तक जाने वाली सड़क कई जगह से टूट चुकी है। ग्रामीण क्षेत्र में तो और भी ज्यादा बुरा हाल है। ऐसे में डीसी पार्थ गुप्ता ने निर्देश दिया था कि 50 सक्षम युवाओं को हरपथ एप से जोड़ा जाए। वह गड्ढों की फोटो एप पर अपलोड करेंगे ताकि पता लगने पर उनका जल्द समाधान किया जा सके। यदि अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया तो फरवरी माह में लोगों को सड़कों के गड्ढों से मुक्ति मिल सकती है।
------------
हरपथ एप पर ऐसे करता है काम
एंड्रायड फोन में हरपथ एप डाउनलोड करने के बाद मोबाइल नंबर भरना होता है। सड़क पर बने गड्ढे की फोटो हरपथ एप पर अपलोड करनी होती है, जहां की शिकायत है वहां की लोकेशन ऑन रखना जरूरी है। लोकेशन के आधार पर ही संबंधित सड़क का नाम एप में दर्ज होता है। शिकायतकर्ता को महज फोटो और आसपास की लोकेशन दर्ज करनी होती है। इसके बाद खराब रोड, नए रोड बनाने की मांग, गड्ढे, कीचड़, एक्सीडेंट प्वाइंट या अन्य विकल्प चुनते हुए शिकायत दर्ज की जा सकती है। एप के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायत को दूर करने के लिए सरकार द्वारा 10 दिन का समय निर्धारित किया गया है।
सड़कों की हालत बहुत खराब : राकेश काका
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राकेश काका का कहना है कि सड़क चाहे शहर की हो या फिर गांव की, सभी की हालत बहुत खराब है। गड्ढों पर चलना भी मुश्किल हो गया है। गोबिंदपुरा रोड से जब नेहरू पार्क की तरफ मुड़ते हैं तो वहां बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इसे भी आज तक ठीक नहीं किया गया। कुछ दिन पहले इसकी मरम्मत में खानापूर्ति की गई थी।
गड्ढों से लोग परेशान : विनोद मरवाह
नगर निगम पार्षद विनोद मरवाह का कहना है कि बारिश से सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। वहीं जगह-जगह रोड कट बने हुए हैं। अधिकारी सड़कों की तरफ बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहे। गड्ढों को कभी मिट्टी से भरा जाता है तो कभी ईंटों से।
----------
जल्द मरम्मत कराई जाएगी : राजकुमार
पीडब्ल्यूडी एक्सईएन राजकुमार का कहना है कि बारिश से सड़कों को काफी नुकसान हुआ है। गड्ढों को जल्द भरा जाएगा। हरपथ एप के लिए सक्षम युवाओं की मदद ली जाएगी।