जगाधरी। जिले में शनिवार को पूरे दिन बादल छाए रहे और दिनभर बूंदाबांदी जारी रही। जिससे शहर की प्रमुख सड़कों और गलियों में पानी भर गया और लोगों को काफी परेशानी हुई। इस दौरान जिले में कुल 18 एमएम बारिश दर्ज की गई। जबकि सबसे ज्यादा बारिश जगाधरी शहर में 24 एमएम हुई। बारिश व तेज हवा के कारण शाम से रातभर कई कॉलोनियों में घंटों बत्ती गुल रही। जिस कारण दैनिक कार्य करने में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शनिवार को अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस तक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, करीब सात किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली। जिससे कड़ाके की सर्दी और ठिठुरन रही। धूप न निकलने से कड़ाके की सदी रही, जिस कारण अधिकांश लोग घरों में दुबके रहे।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे बारिश थमी, लेकिन बूंदाबांदी होती रही। बारिश व बर्फीली हवा के कारण दिन में भी शहर की सड़कें लगभग वीरान नजर आई। इस दौरान सबसे ज्यादा परेशानी सुबह काम पर और स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को हुई। ऐसे में जिले के तमाम सरकारी व निजी प्राइमरी स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति 30 फीसदी से भी कम रही। वहीं माध्यमिक व वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भी उपस्थिति करीब 50 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आसमान साफ रहेगा। इस दौरान तापमान में वृद्धि होगी, लेकिन कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। ऐसे में अधिकतम 19 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
वहीं, दूसरी तरफ बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। ये बारिश गन्ना व गेहूं की फसल के साथ सब्जियों की अच्छी पैदावार में लाभकारी होगी। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को बारिश का पानी खेतों में ज्यादा देर जमा न होने देने की सलाह दी है। बता दें कि जिले में करीब 90000 हेक्टेयर में गेहूं और साढ़े 85 हजार एकड़ में गन्ना की फसल लगाई गई है। जबकि करीब पांच हजार हेक्टेयर में सब्जी की फसल लगाई है। सीजन की पहली बारिश सभी फसलों के लिए लाभकारी है।
रातभर चली बिजली की आंख मिचौली
बारिश व कड़ाके की सर्दी के कारण लोग घरों में दुबके रहे। ऐसे में लोग बेहद जरूरी काम से ही बाहर निकले। वहीं इस दौरान शहर के तमाम बाजार वीरान से नजर आए। बाजारों से रेहड़ियां व फड़ियां गायब रहीं। वहीं, गलियों में भी सब्जी व फल विक्रेता नहीं पहुंचे। इसके अलावा तमाम तरह के भवन निर्माण संबंधी काम भी ठप रहे। वहीं, दूसरी तरफ बिजली ने भी बहुत परेशान किया। शुक्रवार रात से शनिवार तड़के तक बिजली की आंख मिचौली जारी रही। इस दौरान कई बार बत्ती गुल हुई। बिजली न होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यहां रही सबसे ज्यादा परेशानी
बारिश के कारण शहर की सभी कॉलोनियों में बिजली की दिक्कत रही। परंतु करीब डेढ़ दर्जन कॉलोनियों में बिजली की समस्या ज्यादा रही। बिजली न होने से पानी की किल्लत भी झेलनी पड़ी। इस दौरान जोड़िया, ममीदी, जम्मू कॉलोनी, कैंप, वीना नगर, आदर्श नगर, गांधीनगर, चांदपुर, विजय काॅलोनी, गुलाब नगर, पुराना हमीदा, शादीपुर, जमना गली, गोल्डन कॉलोनी, आजादनगर, दशमेश कॉलोनी, मॉडल टाउन, छोटी लाइन, दुर्गा गार्डन, सरस्वती कॉलोनी, बूड़िया सहित कई कॉलोनियों में बिजली की दिक्कत रही।
-
यहां हुई इतनी बारिश
जिले में शुक्रवार सुबह आठ बजे से शनिवार तक 18 एमएम बारिश हुई। इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश शहर में हुई। इस दौरान जगाधरी में 22 एमएम बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर में 12 एमएम, छछरौली में 15 एमएम, प्रतापनगर में 18 एमएम, सरस्वतीनगर में 17 एमएम, साढौरा में 12 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं, सबसे कम बारिश रादौर में कुल नौ एमएम दर्ज की गई।