नेशनल हाईवे 344 पर औरंगाबाद कट के पास तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार नाचरौन निवासी 24 वर्षीय राजीव को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राजीव अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहने हैं। एमबीए करने के बाद वह सरकारी नौकरी की तलाश में था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
नाचरौन निवासी हर्ष कुमार ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरु गोविंद सिंह कॉलेज ऑफ फार्मेसी से बी फार्मेसी की पढ़ाई कर रहा है। मंगलवार को वह और उनके गांव का ही राजीव अपनी अपनी बाइक पर कॉलेज के लिए यमुनानगर आ रहे थे। वे दोनों साथ साथ चल रहे थे। करीब नौ बजे जब वे नेशनल हाईवे 344 पर दामला चौक के पास औरंगाबाद कट पर पहुंचे तो पीछे से तेज गति से एक कैंटर आया। कैंटर चालक ने उसे क्रॉस करते हुए उसके आगे चल रहे राजीव की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राजीव सड़क पर गिर गया और कैंटर का टायर राजीव के ऊपर से निकल गया। उसने बड़ी मुश्किल से अपने आप को बचाया। हादसे में राजीव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। भीड़ को देख आरोपी कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। उसने आसपास के लोगों की मदद से राजीव को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत बताया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। जांच अधिकारी एसआई युनिस अली का कहना है कि मामले में आरोपी कैंटर चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
राजीव के दादा रोशन लाल, ताऊ तेजपाल, लीला व अन्य ने बताया कि राजीव दो बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता लकड़ी ठेकेदार है। मृतक राजीव ने एमबीए कर रखी थी। वह सरकारी नौकरी की तलाश में था। इसके साथ ही उसने चंडीगढ़ पुलिस की भर्ती के लिए भी परीक्षा पास कर रखी थी। हादसे में हुई राजीव की मौत से परिवार शोक में है।
खजूरी रोड पर करेडा चौक के पास तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा रोककर सड़क किनारे खड़े पुराना हमीदा निवासी रोहित को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद कार उसे काफी दूर तक घसीटती ले गई। इसके बाद उसे कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर लिया।
पुराना हमीदा निवासी घनश्याम दास ने बताया कि उसका बड़ा लड़का 28 वर्षीय रोहित ई-रिक्शा चलाने का काम करता था। सोमवार शाम को उसका बेटा अपनी ई-रिक्शा लेकर करेड़ा खुर्द चौक से पुराना हमीदा के लिए चला था। खजूरी रोड पर गोपाल प्लाईवुड फैक्टरी के पास उसका बेटे ने बाथरूम करने के लिए साइड में ई-रिक्शा रोकी और बाथरूम करने सड़क किनारे खड़ा हो गया। तभी पीछे से तेज गति से एक ऑल्टो कार आई। आरोपी चालक ने लापरवाही से कार चलाते हुए सड़क किनारे खड़े उसके बेटे को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद कार चालक उसके बेटे को घसीटता हुआ करीब 50 मीटर तक ले गया। इसके बाद उसे कुचलता हुआ आगे निकल गया। हादसे में कार का पहिया उसके बेटे के सिर के ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। आसपास के लोगों ने उसके बेटे को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। जांच अधिकारी एसआई भूपसिंह का कहना है कि आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।