संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर में खंडस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी व सेमिनार करवाया गया। इस दौरान पेंटिंग और ऊर्जा संरक्षण प्रतियोगिताएं करवाई गई। पेंटिंग में पांचवीं से सातवीं के समूह में माध्यमिक विद्यालय मखोर की रिजॉल ने पहला, माध्यमिक विद्यालय अरनौली की मनीषा ने दूसरा और माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर की सारिका ने तीसरा स्थान पाया।
प्रतियोगिता में खंड के विभिन्न विद्यालयों से 85 विद्यार्थियों ने भाग लिया। आठवीं से 12वीं के समूह में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की डोली प्रथम, माध्यमिक विद्यालय अरनौली की वंदना द्वितीय और राजकीय उच्च विद्यालय हैबतपुर की महक रानी तृतीय रही। विज्ञान नाटक प्रतियोगिता में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुधेड़ी ने पहला और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
मुख्यातिथि खंड शिक्षा अधिकारी नरेश पाल ने कहा कि विज्ञान और ऊर्जा संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक व रचनात्मक सोच का विकास करना है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को विज्ञान की महत्ता और इसके प्रति रुचि उत्पन्न करने के लिए यह प्रतियोगिताएं शिक्षा विभाग की ओर से करवाई जा रही हैं। प्रतियोगिता के विजेता जिलास्तर पर प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान लवनेश मल्होत्रा, सुखविंदर सिंह, डॉ. रोमिका, बलजिंदर सिंह, सुमन, पूनम, भीम सिंह, प्रमोद सहित अन्य मौजूद रहे।