यमुनानगर। शहर के महाराणा प्रताप चौक के पास बैंक से पेंशन लेकर बाइक पर घर लौट दंपती को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग व्यक्ति उछलकर करीब दो मीटर आगे जा गिरा। जबकि उसकी पत्नी बाइक से बाईं तरफ गिर गया, तभी ट्रक का पहिया उसके सिर को कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। आरोपी ट्रक चालक पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जोगिंद्र नगर निवासी कृष्ण सिंह ने बताया कि वह पेपर मिल से सेवा निवृत्त है। उसकी व उसकी पत्नी निर्मल कौर (71) की बुढ़ापा पेंशन महाराणा प्रताप चौक (कमानी चौक) स्थित एचडीएफसी बैंक में आती है। मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वे दोनों बाइक पर सवार होकर बैंक से पेंशन निकलवाने आए थे। बैंक से पेंशन निकलवा कर करीब सवा दो बजे वे दोनों बाइक पर सवार होकर वापस घर जा रहे थे। बाइक वो चला रहा था, जबकि उसकी पत्नी निर्मल कौर पीछे बैठी हुई थी। जब वे महाराणा प्रताप चौक के पास पहुंचे तो जगाधरी की तरफ से तेज रफ्तार ट्रक आया। आरोपी चालक ने लापरवाही व तेज रफ्तार से ट्रक चलाते हुए पीछे से टक्कर उनकी बाइक में मार दी। टक्कर लगते ही उसकी पत्नी निर्मल कौर बाइक से बाईं तरफ गिरी, जबकि वह बाइक से उछलकर काफी आगे जाकर गिरा। इसके बाद ट्रक का कंडक्टर साइड का पहिया उसकी पत्नी निर्मल कौर के सिर को कुचलता हुआ निकल गया, इससे उसकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। आसपास के लोगों को ट्रक चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ट्रक वहीं छोड़ फरार हो गया। ट्रक चालक की पहचान पुराना हमीदा निवासी बलजीत सिंह के नाम से हुई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच की। कृष्ण कुमार ने बताया कि उसके पास चार लड़के और एक लड़की है। तीन लड़कों व लड़की की शादी हो चुकी है। एक लड़का कुंवारा है।
शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। मामले में आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर की मौत
जगाधरी। पुराना सहारनपुर रोड पर तेजली मोड़ के पास कार की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त की। मृतक की पहचान बिहार के जिला गोपालगंज के गांव सिधौलिया निवासी बदसा पाठक (43) के रूप में हुई। पाठक सेक्टर 15 में परिवार के साथ रहता था और मेहनत मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा व बेटी हैं। मंगलवार दोपहर बाद वह साइकिल पर मजदूरी करके घर लौट रहे थे। दोपहर बाद करीब छह बजे जब वह पुराना सहारनपुर रोड पर तेजली मोड़ के पास पहुंचा तो तेज से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह उछलकर सड़क पर जा गिरे। सड़क में सिर लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर लिया है।