संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना छप्पर क्षेत्र के मिल्क माजरा टोल के पास स्कूल बस की टक्कर से कार पलट गई। इससे कार चालक रिटायर्ड फौजी की मौत हो गई, वहीं कार में सवार पत्नी व बेटा घायल हो गए। हादसा शनिवार रात करीब नौ बजे हुआ। थाना छप्पर पुलिस ने ज्ञात स्कूल बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
जगाधरी की द्वारिकापुरी निवासी 60 वर्षीय सरदार सिंह कार में पत्नी हरजीत कौर व बेटे के साथ गांव लवाना में अपनी बेटी के घर जा रहे थे। इस दौरान जैसे मिल्क माजरा टोल को पार कर कुछ दूरी पर पहुंचे तो पीछे से एक अज्ञात स्कूल बस चालक ने कार में टक्कर मार दी। बस की टक्कर लगने से कार पलट गई। कार चला रहे सरदार सिंह व उनकी पत्नी हरजीत कौर व बेटा घायल हो गए।
हादसे को अंजाम देकर चालक बस सहित मौके से निकल गया। आसपास के लोगों ने कार से सरदार सिंह व हरजीत कौर व उनके बेटे को निकाला और एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सक ने सरदार सिंह को मृत घोषित कर दिया, वहीं घायल हरजीत कौर व उनके बेटे को अस्पताल में भर्ती कर लिया।
थाना छप्पर प्रभारी सुमित कांबोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और शिकायत पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। घायलों के अनुसार कार में टक्कर स्कूल बस से लगी है। बस किस स्कूल की थी, इसके बारे में जानकारी की जा रही है।
पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचे मृतक सरदार सिंह के परिजन। संवाद