उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के लिए प्रशासन की
ओर से जहां सभी शिक्षण संस्थानों को सांस्कृतिक कार्यक्रम व प्रशासनिक
विभागों को झांकियां प्रस्तुत करने के लिए निर्देश दे दिए गए हैं।
जिस खेल
मैदान पर समारोह आयोजित होना है। उसकी हालत की ओर देखने की जहमत किसी भी
अधिकारी ने नहीं उठाई। समारोह के लिए मात्र चार दिन शेष रह गए हैं। लेकिन
मैदान की हालत काफी खराब है।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस का
समारोह राजकीय आदर्श संस्कृति विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित करवाया
जाएगा। लेकिन मैदान की हालत को देखकर नहीं लगता की यहां आयोजन सही प्रकार
से आयोजित हो पाएगा। उपमंडल बिलासपुर में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस
समारोह में छछरौली, साढौरा और खिजराबाद ब्लाकों के स्कूलों के बच्चे मार्च
पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते हैं।
इस बार मैदान के सही न
होने से उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ सकती है। खेल मैदान में जगह-जगह
गड्ढे हैं और उनमें पानी भरा है। मैदान समतल न होने से कार्यक्रम प्रस्तुत
करने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। मैदान के मुख्य गेट से
अंदर जाते ही गड्ढा है, जिसमें पानी भरा है। कुछ स्कूल संचालकों का कहना
है कि मैदान में बने गड्ढों और पानी के कारण बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रमों
की रिहर्सल भी सही प्रकार से नही कर पा रहे हैं।