संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मानसून की बारिश से पहले मॉडल कॉलोनी के लोगों को सड़कों के गड्ढों से मुक्ति मिल जाएगी। इसके लिए पैचवर्क शुरू हो गया है। हालांकि सड़कों के गड्ढे भरे जाने से मॉडल कॉलोनी के दुकानदार, निवासी व यहां से निकलने वाले लोग खुश हैं, पर अन्य वार्डों के विपक्षी निवर्तमान पार्षदों का आरोप है कि काम में भेदभाव हो रहा है।
उनकी मानें तो उनके वार्डों में भी सड़कों पर गड्ढे हैं, जिन पर निगम अफसरों का ध्यान नहीं है। आरोप है कि अफसरों का फोकस सिर्फ सत्तापक्ष के निवर्तमान पार्षदों के वार्डों पर है। मॉडल कॉलोनी में महाराणा प्रताप पार्क से संत निरंकारी रोड की ओर जा रही रोड रेलवे रोड तक सीसी की बनाने के बाद पार्क से प्यारा चौक की ओर जा रही रोड पर भी पैचवर्क का काम शुरू हो गया है।
अफसरों की मानें तो मानसून की बारिश से पहले सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा। उधर, ये काम देख निवर्तमान पार्षदों में वार्ड तीन से हरमीन कोहली व 13 से निवर्तमान पार्षद निर्मल चौहान ने कहा कि उनके वार्डों में भी सड़कों में गड्ढे हैं, जिन्हें भरने व पैचवर्क के लिए नगर निगम अफसरों को कई बार कह चुके हैं, लेकिन यहां ध्यान नहीं दिया जा रहा।
आरोप है कि निगम अफसराें का फोकस केवल सत्तापक्ष के निवर्तमान पार्षदों के वार्डों पर है, जहां एक के बाद एक सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जा रहा है। इस संबंध में निगमायुक्त से मिलेंगे। क्योंकि सड़कों के गड्ढे मानसून की बारिश में जलभराव होने पर परेशानी का सबब बन सकते हैं, इसलिए बारिश के सीजन से पहले सभी वार्डों की सड़कों को गड्ढा मुक्त किए जाने की मांग होगी।
दिन में काम से लग रहा जाम
वार्ड आठ से निवर्तमान पार्षद विनोद मरवाह ने कहा कि मॉडल कॉलोनी में दिन में काफी ट्रैफिक रहता है, जिस बीच पैचवर्क किए जाने से बार-बार ट्रैफिक जाम की स्थिति हो रही है। इससे वाहन चालकों को भीषण गर्मी के बीच खासी परेशानी हो रही है। साथ ही वाहनों की आवाजाही से पैचवर्क उखड़ने की आशंका भी है। मांग है कि यह काम रात के समय किया जाए।
इस बारे में संबंधित अफसरों को निर्देश देंगे। जो भी नियमानुसार कार्रवाई बनेगी, वह अमल में लाएंगे। - आयुष सिन्हा, आयुक्त, नगर निगम।