यमुनानगर। गांधीनगर थाना पुलिस ने 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले में आरोपी रिश्तेदार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना क्षेत्र निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि वह और उसका पति रोजाना मजदूरी पर चले जाते थे, जबकि उनकी बेटी घर पर अकेली रहती थी। कुछ दिन पहले बच्ची को दांतों के इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने परीक्षण कराए, जिनकी रिपोर्ट में बच्ची के गर्भवती होने का खुलासा हुआ। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि करीब तीन-चार महीने पहले रिश्तेदारी का ही मोहित घर आया था।
उसने उसे अकेला पाकर जबरन दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण बच्ची ने घटना किसी को नहीं बताई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई और वीरवार को आरोपी को काबू कर लिया। प्रवक्ता ने बताया कि पीड़ित बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। संवाद