संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। यदि आप में गायन, वादन, नृत्य, फोटोग्राफी व अन्य प्रतिभा है और मंच की तलाश कर रहे हैं, तो यह आपके लिए अच्छी खबर है। हरियाणा कौशल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से युवा महोत्सव करवाया जा रहा है। इस महोत्सव की खास बात यह कि इसमें स्कूल, काॅलेज, बहुतकनीकी, इंजीनियरिंग सहित अन्य कोर्स वाले विद्यार्थियों के साथ पास आउट, नौकरीपेशा, व्यापारी, उद्यमी युवा भी भाग ले सकते हैं।
इस महोत्सव में भाग लेने के लिए विभाग ने 15 से 29 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित की है। इस आयु सीमा में किशोर, युवा विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं। यह दो दिवसीय महोत्सव 17 व 18 नवंबर को होगा। इसका उद्देश्य हरियाणा की लोक परंपरा व संस्कृति को संजोना और युवाओं को जागरूक कर इसे समृद्धि बनाना है।
यह महोत्सव प्रदेश के सभी जिलों में मनाया जाएगा। इस महोत्सव में केवल हरियाणा के स्थायी निवासी ही भाग ले सकते हैं। महोत्सव के लिए पंजीकरण बुधवार से शुरू हो गया है। इसके लिए सात नवंबर तक इच्छुक अपना पंजीकरण जगाधरी वर्कशॉप रोड स्थित नोडल आईटीआई में जाकर या विभाग की साइट पर ऑनलाइन कर सकते हैं। यह पंजीकरण बिल्कुल मुफ्त है और महोत्सव में भाग लेने की भी कोई फीस नहीं है।
महोत्सव को दो श्रेणियों में बांटा गया है। जिसमें भाषण, रंगोली, पोस्टर, निबंध इत्यादि प्रतियोगिता आईटीआई में करवाई जाएंगी। जबकि लोक गीत, नृत्य, वाद्य संयंत्र वादन व सांस्कृतिक गतिविधियां शहर के डीएवी गर्ल्स कॉलेज में करवाई जाएंगी। मुख्यालय ने इसके लिए आईटीआई प्राचार्य को नोडल अधिकारी बनाया है।
इसमें राष्ट्रीय एवं राज्य की लोक परंपरा की विधाओं को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता विजेताओं को प्रमाणपत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। जिले यह महोत्सव 17 व 18 नवंबर को होगा महोत्सव में राष्ट्र व राज्य लोक परंपराओं की दो श्रेणी बनाई गई हैं। राष्ट्रीय स्तर की श्रेणी में समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत, एकल लोक नृत्य, एकल लोक गीत, कहानी लेखन, पोस्टर मेकिंग, भाषण, फोटोग्राफी, तत्कालीन व्याख्यान प्रतियोगिता करवाई जाएगी।
राज्य स्तर की श्रेणी में हरियाणा की परंपरा संबंधी प्रतियोगिताएं रखी गई हैं। एंड्रॉयड मोबाइल के इस दौर में हर किसी को फोटोग्राफी का शौक है। ऐसे में युवाओं को इसमें जरूर भाग लेना चाहिए। इसके अलावा वाद्य संयंत्र वादन प्रतियोगिता व स्पर्धा में प्रयोग अन्य यंत्रों व उपकरण प्रतिभागी को लेकर आने होंगे। इसके अलावा प्रतिभागी एक से अधिक विधाओं में भी भाग ले सकते हैं। सभी विधाओं के पहले तीन विजेताओं का चयन राज्यस्तरीय महोत्सव के लिए किया जाएगा।
हरियाणा कौशल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से 17 से 18 को जिला युवा महोत्सव करवाया जा रहा है। इस महोत्सव में 15 से 29 वर्ष के विद्यार्थी, पास आउट, नौकरीपेशा, व्यापारी व अन्य युवा भाग ले सकते हैं। इसके सात नवंबर तक पंजीकरण होंगे। जिला विजेता प्रदेशस्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेंगे। इसके पंजीकरण व भाग लेने की कोई फीस नहीं है। - पवन कुमार कांबोज, कार्यवाहक प्राचार्य, आईटीआई।