बिलासपुर क्षेत्र की एक युवती ने अपने मंगेतर पर कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर कार में ही दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। जब युवती को होश आया तो वह नग्न हालत में कार में हुडा सेक्टर 18 के पार्क के पास थी। यह घटना साल 2018 की है। उस समय युवती शहर के एक गर्ल्ज कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। आरोपी की उससे सगाई हो चुकी थी। अब आरोपी पर उसकी अश्लील वीडियो वायरल की। जिसके बाद युवती ने शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत कई धाराओं में केस दर्जकर लिया है।
बिलासपुर थाना क्षेत्र के गांव निवासी 21 वर्षीय युवती ने महिला पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि उसकी 16 मई 2018 को अंबाला जिला के शहजादपुर थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक से सगाई हुई थी। उस समय वह शहर के एक गर्ल्स कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। सगाई होने के बाद उसकी युवक से अकसर फोन पर बातचीत होने लगी। 12 अप्रैल 2019 को आरोपी युवक उससे मिलने के लिए कॉलेज आया। करीब एक बजे वह उसे अपनी कार में बैठाकर एक रेस्टोरेंट पर ले गया। जहां उन दोनों ने खाना खाया। खाना खाने के बाद आरोपी ने कोल्डड्रिंक की बोतल ली और उसे कार में बिठा दिया। कार में बैठने के बाद आरोपी ने उसे कोल्डड्रिंक पीने को दी। कोल्डड्रिंक पीने के बाद वह होश खो बैठी। जब उसे होश आया तो वह हुडा सेक्टर 18 के पार्क के पास कार में नग्न अवस्था में थी। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था और उसकी अश्लील फोटो उतारे और वीडियो बनाई। करीब तीन माह पहले उसे सोशल मीडिया पर अपना वायरल वीडियो देखा। जब उसने इस बारे में आरोपी से पूछा तो उसने उसे धमकाया। उसने इसकी शिकायत महिला थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक के खिलाफ धारा 328, 376, 67 आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
महिला थाना प्रभारी सोमवती का कहना है कि आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्जकर लिया गया है। मामले की जांच कर रहे है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।