संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यमुनानगर आगमन पर नगर निगम की ओर से विभिन्न गतिविधियों की जा रही है। संस्थाओं के साथ मिलकर नगर निगम शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का भी काम कर रहा है। इसी कड़ी में नगर निगम के सहयोग से मदर मैरी चैरिटी होम संस्था की ओर से शहर में स्वच्छ भारत जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली में नव प्रभात सीनियर सेकेंडरी स्कूल बसंत नगर जगाधरी के स्कूली बच्चों, अध्यापकों व अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। रैली को मुख्य अतिथि महापौर सुमन बहमनी और अग्रवाल अस्पताल के संचालक डा. अनिल अग्रवाल ने स्कूल प्रांगण से निगम की झंडी देकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य शहरवासियों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता फैलाना रहा।
रैली में बच्चों ने स्वच्छता के संदेश को नारों और पोस्टरों के माध्यम से शहरवासियों तक पहुंचाया। बच्चों ने मोदी जी का एक ही सपना, स्वच्छ व सुंदर हो भारत अपना, स्वच्छता को अपना है, गंदगी को दूर भगाना है, आदि नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। नव प्रभात स्कूल से शुरू होकर रैली ईएसआई अस्पताल, रेलवे रोड से होते हुए लाल द्वारा, सिविल अस्पताल से होते हुए वापस रेलवे रोड से होते हुए स्कूल पर समाप्त हुई।
महापौर सुमन बहमनी ने कहा कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को यमुनानगर की पावन धरती पर पधार रहे हैं। जिसे लेकर हर नागरिक में उत्साह की लहर है। उनके स्वागत से पहले शहर के हर कोने में स्वच्छता अभियान जोरों पर है। नगर निगम के कर्मचारी सभी 22 वार्डों व मुख्य मार्गाें पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटे हैं और यह प्रयास हरियाणा को स्वच्छता में अग्रणी बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।