साढौरा। बारिश के कारण कस्बे में मंगलवार को जलभराव की समस्या गहरा गई। सीएचसी भवन के अंदर तक बरसाती पानी पहुंच गया। इससे कर्मचारियों और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं कोटला मार्ग स्थित राजकीय स्कूल परिसर में भी पानी भरने के कारण छठी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की जल्दी छुट्टी करनी पड़ी।
सीएचसी का पुराना भवन सड़क से नीचे होने के कारण बारिश का पानी परिसर में जमा हो गया। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने चिकित्सीय उपकरणों और रिकॉर्ड को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। जलभराव के कारण मरीजों के बैठने तक की जगह नहीं बची, जिसके चलते कई मरीज लौट गए। कर्मचारियों को भी खड़े होकर काम निपटाना पड़ा।
विज्ञापन
एसएमओ डॉ. धर्मेश सैनी ने बताया कि सीएचसी की सीवरेज लाइन का पानी भी ओवरफ्लो होने से परिसर में जलभराव के साथ दुर्गंध की समस्या बनी हुई है। राजकीय स्कूल के प्रिंसिपल गुरदीप गुलाटी ने बताया कि बारिश का पानी हर बार की तरह इस बार भी परिसर में भर गया। इसके चलते छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को जल्दी घर भेजना पड़ा।
कंप्यूटर और खराब होने वाले अन्य सामान को सुरक्षित रखने के लिए ऊंची जगह पर रखवाया गया है। बारिश जारी रही तो पानी कमरों तक पहुंचने की आशंका है। बाजार और अनाज मंडी के गेट पर भी जलभराव रहा। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई।