संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में मंगलवार को दूसरे दिन मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सुबह करीब छह बजे बारिश शुरू हुई। शुरुआत में कहीं कम तो कहीं ज्यादा बारिश हुई, लेकिन सुबह साढ़े नौ बजे के बाद बारिश ने रौद्र रूप ले लिया। करीब दो घंटे तक हुई तेज बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया।
सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह वाहन पानी में फंसते नजर आए। बारिश बंद होने के पांच घंटे बाद भी शहर से पानी नहीं उतरा। पुराना हाईवे और मॉडल टाउन में पानी भरा रहा। पानी में फंस कर लोगों के वाहन बंद होते रहे। लोगों को धक्का लगाकर वाहन निकालने पड़े।
पुराने अंबाला-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर संत निश्चल स्कूल के सामने से लेकर कमानी चौक की तरफ सड़क पर करीब डेढ़ फीट तक पानी भर गया। इससे सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की रफ्तार थम गई। पानी की निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। वाहन चालकों को पानी के बीच से ही निकलना पड़ा।
शहर की गोविंदपुरी रोड, मॉडल टाउन, शक्तिनगर, हरियाणा वेयरहाउस गोदाम के सामने, सरोजिनी कॉलोनी फेज-दो, लाजपत नगर और प्रोफेसर कॉलोनी में भी जलभराव रहा। गांधी नगर थाना रोड पर भी सड़क पानी से लबालब नजर आई। जगाधरी में छोटी लाइन, बर्तन बाजार, मटका चौक, पत्थर वाला बाजार, नगर निगम कार्यालय के सामने, गंगा नगर कॉलोनी, जगाधरी वर्कशॉप रोड और मीरा बाई बाजार में पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई।
मूसलाधार बारिश का असर नगर नगर निगम समेत अन्य सरकारी कार्यालयों पर भी दिखाई दिया। नगर निगम कार्यालय, थाना गांधी नगर, भगत सिंह चौक स्थित पावर हाउस में पानी भर गया। सरकारी कार्यालयों में भरे पानी ने इंतजामों की पोल खोल दी। नगर निगम परिसर में पानी निकालने के लिए जनरेटर लगाए गए। पानी को सड़क पर छोड़ा गया।
कार्यालय में पानी जमा होने के कारण काम कराने पहुंचे लोगों को परेशानी हुई। कई लोग कार्यालय के अंदर नहीं जा सके और पानी देखकर वापस लौट गए। कार्यालय पहुंचे राजकुमार ने कहा कि शहर के नालों की सफाई को लेकर लगातार दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश होते ही नगर निगम कार्यालय में ही पानी भर जाता है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर में जलनिकासी की व्यवस्था कितनी बेहतर है।
कांप्लेक्स की पार्किंग में डूबे वाहन
बारिश के कारण ताऊ देवी लाल कांप्लेक्स की पार्किंग में भी पानी भर गया। पार्किंग में खड़े कई वाहन पानी में डूबे नजर आए। अचानक तेज बारिश होने के कारण लोगों को अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का मौका तक नहीं मिला। जलभराव के कारण पैदल राहगीरों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी। शहरवासियों ने जलभराव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने और बारिश के पानी की निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था किए जाने की मांग की।
ताऊ देवी लाल कॉम्प्लेक्स में बारिश से हुआ जलभराव। संवाद- फोटो : Samvad
ताऊ देवी लाल कॉम्प्लेक्स में बारिश से हुआ जलभराव। संवाद- फोटो : Samvad
ताऊ देवी लाल कॉम्प्लेक्स में बारिश से हुआ जलभराव। संवाद- फोटो : Samvad
ताऊ देवी लाल कॉम्प्लेक्स में बारिश से हुआ जलभराव। संवाद- फोटो : Samvad