जगाधरी। जिले में बारिश व ओलावृष्टि के बाद मौसम में काफी परिवर्तन आया है। बारिश के बाद बुधवार को तापमान में कमी आ गई इससे काफी ठंड बढ़ गई। धूप न निकलने से ठिठुरन काफी बढ़ गई। वहीं, तेज बर्फीली हवा से लोगों की कंपकपी छूटती रही। बारिश के बाद बुधवार को तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की कमी देखने को मिली। वहीं, ठिठुरन के कारण लोग परेशान रहे। इसका असर दिन ढलने के बाद बाजार व सड़कों पर लोगों की उपस्थिति कम के रूप में दिखाई दिया।
हाड़ कंपा देने वाली सर्दी से लोगों को पिछले सप्ताह मौसम खुलने से काफी राहत मिली। परंतु पिछले शुक्रवार को हुई भारी बारिश के बाद से ठंड बढ़ गई। तीन दिन मौसम साफ रहा, लेकिन मंगलवार को हुई जबरदस्त बारिश व ओलावृष्टि से एक बार फिर कड़ाके की ठंड सताने लगी। इस दौरान बुधवार अलसुबह करीब साढ़े तीन बजे तक बारिश रुक-रुक कर जारी रही। वहीं, बारिश के बाद बुधवार सुबह हल्की धूप निकली, जिससे लोगों को कुछ राहत महसूस हुई, लेकिन यह ज्यादा देर नहीं रही। इसके बाद आसमान पर घने काले बादल छा गए। दिनभर बादल और सूरज की आंख-मिचौली चल रही।
धूप न निकलने से पिछले सप्ताह 22 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा तापमान बुधवार को 17.4 डिग्री सेल्सियस पर आकर ठिठक गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में कमी और धूप न निकलने से ठंड काफी बढ़ गई। इस दौरान करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा ने लोगों को कंपकपी छुटवा दी। दिन ढलते ही बर्फीली हवा ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया। सर्दी का आलम ऐसा रहा कि कमरे में बैठकर भी हाथ पांव सुन्न रहे। इसका असर बुधवार को बाजार पर भी देखने को मिला। मौसम साफ होने के बाद से गुलजार नजर आ रहे बाजार, बुधवार शाम को वीरान नजर आए। बर्फीली हवा से बचने के लिए लोग जल्दी ही घरों में दुबक गए। इससे शहर के बाजारों के साथ सड़कों पर भी लोगों की आवाजाही काफी कम रही।
वहीं, मौसम विभाग ने अभी कुछ दिन मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार वीरवार से शनिवार तक मौसम ऐसा ही रहेगा। हालांकि आसमान साफ होने से धूप निकलेगी, लेकिन तेज हवा के कारण ठिठुरन और रात को ठंड बनी रहेगी। वहीं, रविवार को बारिश होने की संभावना है। बारिश होने से तापमान में फिर से गिरावट देखने को मिलेगी।