जगाधरी। प्रयागराज में महाकुंभ मेले में रेलवे ने लोगों को यात्रा सेवा के साथ श्रद्धालुओं को ठहरने, खानपान के साथ अन्य सुविधाएं देने की योजना बनाई है। इसके लिए रेलवे ने महाकुंभ में टेंट सिटी विकसित करने का निर्णय लिया है।
जहां लोगों को ठहरने, खानपान, घूमने की सुविधा मिलेगी। इस दौरान टेंट में ठहरने वाले लोगों को पांच सितारा होटल की तरह सभी सुविधाएं मुहैया होंगी। इसके लिए यात्री व इच्छुक व्यक्ति को आईआरसीटीसी से बुकिंग करवानी होगी। इसका संचालन कुंभ मेले के दौरान किया जाएगा।
आईआरसीटीसी अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक संजय कुमार जैन ने परियोजना की सभी मंडल अधिकारियों को जानकारी भेजी है। उन्हें इसके बाद प्रचार करने के लिए कहा गया है, ताकि प्रयागराज में आए लोगों को ठहरने, खाने-पीने की किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस टेंट सिटी से महाकुंभ में आने वाले 6.5 लाख लोगों को लाभ सुविधा देने का लक्ष्य है।
महाकुंभ टेंट सिटी का संचालन, उपयोग एवं प्रोत्साहन प्रत्यक्ष बुकिंग के साथ आईआरसीटीसी पर्यटकों द्वारा रेल टूर पैकेज, भारत गौरव ट्रेन से मिलेगा।
आईआरसीटीसी के निदेशक राहुल हिमालियन ने बताया कि प्रयागराज में महाकुंभ टेंट सिटी में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित डीलक्स और प्रीमियम कैंप उपलब्ध होंगे। जहां मेहमानों को उच्च स्तर की सुविधा मिलेगी।
इसका लाभ लेने के लिए व्यक्ति आईआरसीटीसी की वेबसाइट, एप के अलावा वाहटसअप नंबर पर बुकिंग करवा सकते हैं।
मिलेंगी यह सुविधाएं : इस दौरान डीलक्स टेंट में आलीशान बेडरूम, सुसज्जित बाथरूम, गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं, प्रीमियम टेंट में अतिरिक्त रूप से एयर कंडीशनर, एलईडी टीवी के साथ लाइव इवेंट की स्ट्रीमिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
24 घंटे सुरक्षा, अग्निरोधी टेंट, आरामदायक डाइनिंग हॉल में मेहमानों के लिए बुफे खानपान सेवा, 24 घंटे चिकित्सा सहायता, आकर्षण स्थलों और स्नान क्षेत्रों के लिए शटल सेवा, आसान गतिशीलता के लिए पर्यावरण अनुकूल बैटरी चालित गाड़ियां, प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं आध्यात्मिक प्रवचन, योग, स्पा, बाइकिंग की सुविधा भी मिलेगी।
इसके अलावा नदी तट के निकट एक्जीक्यूटिव लाउंज, जिसमें भोजनालय और शौचालय सहित अन्य तमाम सुविधा उपलब्ध करवाई जाएंगी।