संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला सचिवालय की तर्ज पर 32.84 करोड़ रुपये की लागत से जल्द ही रादौर में मिनी सचिवालय बनकर तैयार हो जाएगा।। यह भवन दिखने में कैसा होगा इसकी प्लानिंग भी बन चुकी है। यह भवन पुरानी तहसील परिसर में ही बनाया जाएगा। इस भवन में बेसमेंट सहित कुल पांच फ्लोर होंगे। वहीं, इस भवन के बनने से क्षेत्र के तमाम अधिकारी इसी मिनी सचिवालय में बैठेंगे। मिनी सचिवालय भी पुरानी तहसील परिसर में 4.2 एकड़ जमीन बनाया जाएगा। जब मिनी सचिवालय बन जाएगा तो तहसील को इसी में शिफ्ट किया जाएगा। सचिवालय 8391 वर्ग मीटर जगह में बनाया जाएगा।
5.77 करोड़ से क्वार्टरों का भी होगा निर्माण
इतना ही नहीं मिनी सचिवालय के साथ ही क्वार्टरों का निर्माण भी किया जाएगा। यहां कुल 10 क्वार्टर बनाए जाएंगे। 1900 वर्ग फीट में दो, 950 वर्ग फीट में चार व 550 वर्ग फीट में चार आवासीय क्वार्टरों का निर्माण किया जाएगा। इनमें एसडीएम, तहसीलदार व अन्य के ठहरने की व्यवस्था होगी। इन सभी क्वार्टरों के निर्माण पर करीब 5.77 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
लोगों को नहीं होगी भटकने की जरूरत पुरानी तहसील परिसर में मिनी सचिवालय के बनने से सबसे ज्यादा लाभ जनता को होगा। चूंकि वर्तमान में दफ्तर अलग-अलग जगहों पर बने हैं। लेकिन, इस नए भवन के बनने के बाद लोगों को इधर-उधर भटकने की आवश्यकता होगी। उनके सभी कार्य एक ही छत के नीचे हो जाया करेंगे। इस भवन में एसडीएम कार्यालय, डीएसपी कार्यालय, ई-दिशा केंद्र, तहसीलदार, पटवारखाना, महिला एवं बाल विकास विभाग, फूड इंस्पेक्टर, सीएम विंडो, एआईपीआरओ कार्यालय समेत आदि को मिनी सचिवालय में ही शिफ्ट किया जाएगा। फिलहाल एसडीएम रादौर के पास अपना भवन नहीं है। जब से रादौर को उपमंडल का दर्जा मिला है तब से एसडीएम कार्यालय राजीव गांधी सेवा केंद्र के भवन में चल रहा है।
मिनी सचिवालय बनने से खंड के लोगों को काफी लाभ होगा। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। यह भवन बेसमेंट सहित पचि मंजिला होगा।
- पुनीत मित्तल, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी यमुनानगर