गैंगवार फाॅलोअप : वारदात को अंजाम देने के लिए एक शूटरों को उपलब्ध कराई गई थी कार
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रादौर गैंगवार में हुए ट्रिपल मर्डर में शूटरों को कार उपलब्ध कराने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हुई फॉर्च्यूनर कार भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार 26 दिसंबर को रादौर में खेड़ी लक्खा सिंह गांव की चौकी के पास हुई फायरिंग में तीन युवकों की मौत हो गई थी। हमला करने के बाद शूटर फॉर्च्यूनर कार से फरार हुए थे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार के नंबर के आधार पर रात को ही दो आरोपी ताजेवाला निवासी अरबाज और छछरौली निवासी सचिन हांडा को गिरफ्तार कर लिया था। 27 दिसंबर को आरोपियों को अदालत में पेश कर दो जनवरी तक की कस्टडी रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ में सामने आया था कि आरोपी सचिन का सन्नी सलेमपुर से संपर्क में था। सन्नी के कहने पर ही उसने अरबाज से कार का इंतजाम करने की बात कही थी। 25 दिसंबर को ही कार को शूटरों को उपलब्ध करा दी गई थी। यही नहीं उनके लेन-देन की डिटेल भी सामने आई थी। पांच दिन तक चली पूछताछ के बाद पुलिस ने एक अन्य आरोपी हर्ष को भी गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को उनका रिमांड पूरा हो गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से कार भी बरामद की गई है।