व्यासपुर। जमीयत उलेमा यमुनानगर के बैनर तले मदरसा दावत-उल-इस्लाम पब्लिक स्कूल मोजा तेवर गांव के प्रांगण में समाज सुधार पर रविवार को कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष हजरत मौलाना सैय्यद अरशद मदनी शामिल हुए।
हजरत मौलाना सैयद अरशद मदनी ने कहा कि जमीयत उलेमा-ए-हिंद को बने हुए 106 साल हो गए हैं। पहले दिन से लेकर अब तक यह इस देश के लोगों की भलाई, विकास और देश के अस्तित्व, एकता और अखंडता के लिए काम कर रही है। जो लोग इतिहास जानते हैं, वे जानते हैं कि हम सदियों से हर समुदाय और वर्ग में, गांवों और शहरों में एक-दूसरे का दुख-दर्द बांटते आए हैं। एक-दूसरे का धर्म हमें एक-दूसरे से प्यार करने और देखभाल करने से नहीं रोकता है। हमारा धर्म हमें इसी प्यार और लगाव की सीख देता है।
कुरान की शिक्षाओं ने हमें धर्म की गुलामी से आजाद किया है। कुरान कहता है हर इंसान दूसरे इंसान का भाई है, जब मिलते हो, खुशी के साथ मिलो, चेहरे पर मुस्कान के साथ मिलो। कार्यक्रम के कन्वीनर, जमीयत उलेमा यमुनानगर के प्रेजिडेंट हजरत मौलाना मुहम्मद इलियास कासमी ने कहा कि जमीयत उलेमा-ए-हिंद के प्रेसिडेंट का इस इलाके में आना, हम सबके लिए और पूरे हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, चंडीगढ़ के लिए बहुत गर्व की बात है। हमें समाज को गुमराही से बचाने और देश की रक्षा के लिए जमीयत उलेमा-ए-हिंद के प्लेटफॉर्म को मजबूत करना चाहिए।
कार्यक्रम का उद्घाटन जमीयत उलेमा-ए-हिंद के सचिव मुफ्ती अब्दुल कदिर ने किया। कार्यक्रम को मौलाना सैय्यद हबीबुल्लाह मदनी, मौलाना मुहम्मद तय्यब कासमी, हजरत अलहाज पीरजी हाफिज हुसैन अहमद कादरी मुजद्दिदी, मौलाना मुमताज अहमद कासमी शिमला, मौलाना कबीरुद्दीन फरान आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत कारी मुहम्मद तालिब गंगोही की आयतें और मुफ्ती साबिर की नात पाक से हुई। इस अवसर पर मौलाना वलीउद्दीन वली शिमाली, मदरसा दावत-उल-इमान राजपुरा पंजाब के प्रमुख मुंशी मेहंदी हसन नगली, हजरत हाफिज लाल दीन तेवर, अरीज खान, जाकिर हुसैन कारी गय्यूर अहमद, मुफ्ती,शोएब और गुलाम सरवर पंजाब सहित अन्य मौजूद रहे।
मदरसे में आयोजित मुशायरा कांफ्रेंस में मौजूद अरशद मदनी। स्वयं