नगर पालिका कर्मचारी प्रदर्शन करते हुए।
- फोटो : YAMUNA NAGAR
मांगों को लेकर नगर पालिका व पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों ने बुधवार को जिला सचिवालय में प्रदर्शन किया। दोनों ने मुख्यमंत्री के नाम डीसी व तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मांगें अधूरी पड़ी हैं, बार-बार सूचित करने के बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा। इनमें खास मांग कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की है जोकि अब तक पूरी नहीं हुई। कर्मचारियों के पदाधिकारियों ने चेताते हुए कहा यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया तो कर्मचारी सड़कों पर उतरेंगे। अधिकारियों ने ज्ञापन को मुख्यमंत्री के पास भेजने का आश्वासन दिया है।
पहले धरना फिर किया प्रदर्शन : रोष प्रदर्शन के लिए नगर पालिका कर्मचारी सुबह जगाधरी अनाज मंडी के गेट पर एकजुट हुए। यहां धरना देकर उन्होंने सरकार की वादाखिलाफी को लेकर धरना दिया और नारेबाजी की। इसके बाद नारेबाजी करते हुए जिला सचिवालय पहुंचे और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। यूनियन के जिला प्रधान प्रेमचंद व सचिव गुलशन ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार ने वादा किया था कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा और विभागों से ठेका प्रथा खत्म की जाएगी। लेकिन दोबारा चुनाव आने को है अभी तक मांगें अधूरी पड़ी है इससे कर्मचारियों में रोष है। जिला वरिष्ठ उप प्रधान प्रवेश परोचा ने कहा कि पंचकूला में 16 से 18 अगस्त तक पंचकूला में सर्व कर्मचारी संघ का सम्मेलन होगा, जिसमें बड़ा फैसला लिया जाएगा। इस मौके पर राजकुमार, रोहताश, कमलेश, जगविंद्र व तजिंद्र सिंह मौजूद रहे।
कर्मी बोले, नहीं दिया जा रहा समय से वेतन : इसी तरह पीडब्ल्यूडी विभाग बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले कर्मचारी नारेबाजी करते हुए सचिवालय पहुंचे। यहां उन्होंने सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर नारेबाजी की। राज्य कमेटी के सदस्य प्रीतम रावल व सतपाल वर्मा ने कहा कि विभाग के मंत्री ने वादा किया था कि जल व मल का कार्य जनस्वास्थ्य विभाग के पास ही रहेगा, किंतु सरकार इसे नगर निगम के हवाले सौंपना चाहती है। तथा कर्मचारियों को समय से वेतन नहीं मिल पा रहा है इससे उनके सामने कई प्रकार की समस्याएं खड़ी हो गई। कमेटी पदाधिकारियों ने चेताते हुए कहा कि यदि कर्मचारियों की मांग को पूरा नहीं किया तो कर्मचारी सड़कों पर उतरेंगे। इस मौके पर जयकुमार, सुरजीत कश्यप, किशोर कुमार, जसवंत, नरेंद्र कांबोज आदि मौजूद रहे।
वन विभाग कर्मी करेंगे 26 जुलाई को धरना-प्रदर्शन : उधर, आठ सूत्रीय मांगों को लेकर वन विभाग मजदूर यूनियन ने पदाधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मीटिंग जिला सहसचिव सतपाल की अध्यक्षता में हुई। मीटिंग में मांगों को लेकर 26 जुलाई को वन मंडल कार्यालय में धरना देकर प्रदर्शन करने का फैसला लिया है।