संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। तीन दिन से हो रही बारिश से शहर में पानी निकासी करने के लिए सोमवार को निगम कर्मी व अधिकारी बारिश में भी डटे रहे। बारिश के बीच भी सफाई कर्मचारी नालों की जालियों में फंसा पॉलिथीन व अन्य कचरा निकालकर ब्लॉकेज खत्म करते रहे। मोटर पंप की मदद से निचले इलाकों से पानी सीवरेज व बड़े नालों में डाला गया।
निगम के वार्ड नंबर एक से सात तक सीएसआई हरजीत सिंह, वार्ड आठ से 15 तक सीएसआई विनोद बेनीवाल व वार्ड 16 से 22 तक सीएसआई अनिल नैन के नेतृत्व में सभी सफाई कर्मी जलभराव से निपटने को डटे रहे। अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार व उप निगम आयुक्त कुलदीप मलिक की देखरेख में सभी सफाई निरीक्षक वार्डाें में पानी निकासी करने में जुटे रहे।
सफाई कर्मी नालों में लगे जालों में फंसे पॉलिथीन, बोरी, बैग, कपड़े व अन्य कचरा निकालकर निकासी करने में जुटे रहे। बारिश के बीच नालों के जालों में जहां कचरा फंसा हुआ मिला। उसे निकाला गया। ताकि पानी की निकासी होती रहे। वहीं, अभियंता शाखा के एक्सईएन विकास धीमान, निगम अभियंता मृणाल जैयसवाल, सुरेंद्र दहिया, दीपक सुखीजा, मुनेश्वर भारद्वाज सभी कनिष्ठ अभियंताओं के साथ वार्डों का दौरा करते रहे।
बारिश से शहर के निचले क्षेत्रों में जलभराव हो गया। कई जगह एक से डेढ़ फुट तक पानी भर गया। निगम की ओर से ऐसे स्थानों से पानी की निकासी के लिए मोटर पंप लगाए गए। मोटर पंप से पाइप लाइन के माध्यम से निचले इलाकों से गंदा पानी सीवरेज व बड़ों नालों में डाला गया। देर शाम तक निचले इलाकों से पानी निकालने का काम चल रहा था।