संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। तेलीपुरा गांव स्थित फैक्ट्री से निकल रही काली राख से ग्रामीण काफी परेशान हैं। फैक्ट्री से निकलने वाली काली राख घरों में गिर रही है। जिससे कपड़े व अन्य सामान खराब हो रहे हैं।
इसे लेकर ग्रामीणों ने रविवार को फैक्ट्री के गेट पर प्रदर्शन किया व मालिक को चेतावनी दी यदि एक सप्ताह में समाधान न किया गया तो वे फैक्ट्री के गेट पर ताला लगा देंगे। गांव के रोहित, प्रवीण, अधिवक्ता मांगे राम, राजेश रामपुर, राकेश नंबरदार जयरामपुर, दिनेश खदरी, शुभम खदरी, विपिन रामपुर, सुभाष, सुनील, अजय ने बताया कि तेलीपुरा के पास लगी फैक्ट्री से उड़ रही काली राख घरों में गिर रही है। फैक्ट्री के कारण गांव का पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। फैक्ट्री मालिक इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
इससे दुर्गंध पैदा हो रही है। दिन-रात फैक्ट्री चलती है, जिससे ध्वनि प्रदूषण पैदा हो रहा है। ग्रामीणों ने इस बारे में कई बार फैक्ट्री मालिक को सूचित किया गया, लेकिन फैक्ट्री संचालक ग्रामीणों को गुमराह कर रहे हैं। तेलीपुरा, खदरी जयरामपुर रामपुर गांवों के लोगों ने फैक्ट्री संचालक से तुरंत समस्या का समाधान करने को कहा है अन्यथा वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।