संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रादौर के प्रॉपर्टी एडवाइजर (संपत्ति सलाहकार) कश्मीरी लाल को सस्ती दर पर सोने की ईंट दिलाने का झांसा देकर 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर उत्तराखंड के जिला चंपावत निवासी कबीर अवस्थी और उसके भाई राजू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रादौर निवासी कश्मीरी लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्रॉपर्टी एडवाइजर का कार्य करता है। वर्ष 2025 में उसकी मुलाकात अपने मित्र सीताराम के माध्यम से कबीर अवस्थी से हुई थी। उस दौरान कबीर ने स्वयं को सोने का व्यापारी बताते हुए बाजार से कम रेट पर सोना उपलब्ध कराने का दावा किया था। कुछ समय बाद सीताराम की मृत्यु हो गई और कबीर से संपर्क टूट गया।
जनवरी 2026 में कबीर ने दोबारा फोन कर उसे बताया कि उसके पास सोने की एक ईंट है, जिसे वह सस्ते दाम में बेच सकता है। उसकी बातों में आकर कश्मीरी लाल अपने दोस्त विनय के साथ धारूहेड़ा मिलने पहुंचा। वहां कबीर ने बताया कि सोने की ईंट उसके भाई राजू के पास भिवाड़ी में है। दोनों भिवाड़ी पहुंचे, जहां करीब 650 ग्राम वजन की सोने की एक ईंट दिखाई गई।
आरोपियों ने ईंट से सैंपल काटकर जांच कराने की बात कही और इसके बदले 10 हजार रुपये लिए। जांच में सैंपल असली सोना पाया गया, जिससे पीड़ित का भरोसा और बढ़ गया। इसके बाद कबीर ने उन्हें नैनीताल बुलाया। रास्ते में कश्मीरी लाल की तबीयत खराब होने पर वे हल्द्वानी के एक होटल में रुक गए।
वहीं कबीर पहुंचा और होटल में ही सोने की ईंट सौंप दी। ईंट के बदले कबीर ने 20 लाख रुपये नकद ले लिए और शेष 20 लाख रुपये एक सप्ताह बाद देने की बात तय हुई। जब कश्मीरी लाल घर पहुंचकर ईंट की जांच करवाई तो नकली निकली। इसके बाद से कबीर का फोन बंद आ रहा है। थाना रादौर के जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।