संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान तेजली में पदोन्नत नव प्राचार्यों के लिए 12 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हो गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पदोन्नत प्राचार्यों को कुशल नेतृत्व, समावेशी शिक्षा, नई शिक्षा नीति, सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार इत्यादि विषयों के साथ हरियाणा सिविल रूल्स 2016, एसचआरएमएस, एमआईएस इत्यादि का प्रशिक्षण देना रहा।
यह शिविर पदोन्नति पाने वाले 35 प्राचार्यों के लिए लगाया गया। इस दौरान जय कुमार गोयल ने सूचना का अधिकार, एसओ राजेश कुमार, जितेंद्र कुमार ने प्राचार्यों को हरियाणा सिविल रूल्स, संजीव कुमार ने नई शिक्षा नीति, अमरजीत सिंह ने शिक्षा का अधिकार, सुमन रानी ने समावेशी शिक्षा, मनु सरीन ने पजल के महत्व, तेजपाल वालिया ने पॉक्सो व पॉश एक्ट, नरेंद्र सिंह ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व अन्य ऑनलाइन कार्यों के बारे जानकारी दी।
जिला एमआईएस प्रभारी मंजीत सिंह ने प्राचार्यों को एचआरएमएस एवं अन्य तकनीकी विषयों के बारे प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम का संचालन गीतू साहनी एवं संजीव शर्मा ने किया। प्रशिक्षण समापन पर प्रतिभागियों को जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी ने प्रमाण पत्र वितरित किए। सुधीर कुमार ने प्रतिभागियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। विद्यालय नेतृत्व के लिए आवश्यक गुणों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के संचालन में तकनीकी व्यवस्था नरेंद्र व तरसेम ने संभाली।