संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से सिविल अस्पताल में दिव्यांग बच्चों की जांच के लिए लगाया जा रहा तीन दिवसीय शिविर संपन्न हो गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम को जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी, जिला परियोजना समन्वयक प्रेम लता व सीएमओ डॉ मंजीत ने निर्देश दिए थे कि हर दिव्यांग और उसके साथ आए सहायक का ध्यान रखा जाए। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने भी शिविर में मिली सुविधाओं का आकलन किया। शिक्षा परियोजना विभाग के एपीसी डॉ. धर्मवीर ने बताया कि तीन दिवसीय शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 411 दिव्यांग बच्चों की स्वास्थ्य जांच की।
इनमें से 111 दिव्यांग बच्चों का प्रमाण-पत्र बनाया गया। एलिम्को से आए एक्सपर्ट्स ने 209 बच्चों को विभिन्न सहायक उपकरण जैसे कान की मशीन , सीपी चेयर ,व्हील चेयर ,ट्राई साइकिल, रोलेटर, टीएलएम, ट्राइसाइकिल के लिए डॉक्टर द्वारा अनुमोदित किया गया। शिविर में दिव्यांग बच्चों के स्वास्थ्य की जांच विशेषज्ञों द्वारा की गई। वहीं, सरकार द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे बताया गया।
दीपक बंसल, मुकेश ,सुशीला सुनीता, विजय व अन्य दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों ने बताया कि शिविर का उनके बच्चों को लाभ मिला है। उन्हें प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अंबाला, कुरुक्षेत्र व चंडीगढ़ जाना पड़ता था और कोई सुविधा भी नहीं मिल पा रही थी। इस शिविर से सभी सुविधाएं एक ही जगह मिली है। इस दौरान एपीसी सुभाष, प्राचार्य मोहम्मद जावेद, मीना कांबोज सहित अन्य उपस्थित रहे।