संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अनाज मंडियों में मंगलवार को धान की सरकारी खरीद शुरू हो गई। खरीद होने से किसानों को राहत मिली है। सभी मंडियों में करीब 1900 गेट पास कटे। अभी तक मंडियों में करीब 6100 मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है। शाम तक मंडियों में 853 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी थी।
अधिकारी भी अनाज मंडियों का निरीक्षण करके खरीद का जायजा लेते नजर आए। ज्यादातर मंडियों में धान की खरीद दोपहर बाद ही शुरू हो पाई। दिनभर किसान ट्रालियों में धान लेकर आते रहे। मंडियों में अभी भी जो धान आ रहा है उसमें नमी की मात्रा बहुत ज्यादा है। धान में 20 से 22 प्रतिशत तक नमी आ रही है, जबकि सरकार ने खरीद की मात्रा 17 प्रतिशत निर्धारित की है।
इसके बेचने से पहले धान को अच्छे से सुखाना पड़ रहा है। अभी खरीद को शुरू हुए दो दिन ही हुए हैं लेकिन मंडियां धान से फुल होने लगी हैं। मंडियों में चारों तरफ धान ही धान दिख रहा है। जगाधरी मंडी में अब तक करीब 2161 क्विंटल, सरस्वतीनगर में 3487 क्विंटल, रादौर में 1079 क्विंटल, छछरौली में 433 क्विंटल, रसूलपुर में 402 क्विंटल व साढौरा में 734 क्विंटल धान आ चुका है। मंगलवार को जो खरीद हुई उसके अनुसार छछरौली मंडी में 87 एमटी, जगाधर में 66 एमटी, सरस्वतीनगर में 150 एमटी, रसूलपुर में 122 एमटी, साढौर मंडी में 387 एमटी धान की खरीद हुई है।