संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। ताहरपुर कलां गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जनता दरबार एवं रात्रि ठहराव में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। एडीसी नवीन आहूजा तथा एसपी कमलदीप गोयल ने लोगों की शिकायतें सुनकर संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के आदेश दिए गए।
एडीसी आहूजा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिनमें ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान हैदरपुर गांव के सुरेश पाल और तारावती ने बुढ़ापा पेंशन बनवाने, नूर अली, हसन अली और अली जान निवासी कांसली ने ट्यूबवेल कनेक्शन लगाने, सुरेश पाल निवासी ताहरपुर कलां ने फैमिली आईडी से नाम हटवाने तथा अल्लाबंदा ने घर तक पेयजल पाइपलाइन उपलब्ध करवाने की मांग रखी।
वहीं रमजान निवासी हैदरपुर ने स्कूल और आंगनबाड़ी के पास बने गंदे पानी के तालाब को हटाने की मांग की। इसके अलावा जमाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने, मुर्सलीन ने पुराने बिजली तार और खंभे बदलवाने तथा कच्चे रास्ते को पक्का करवाने, सुलेमान ने बिजली बिल माफ करने व पेयजल समस्या के समाधान की मांग रखी।
भुरू देवी ने घर के ऊपर से गुजर रही बिजली की तार हटवाने की गुहार लगाई। इसी प्रकार शहनाज ने पक्का मकान और पानी की व्यवस्था, गुरदेव सिंह ने फैमिली आईडी में आय सही करवाने, मुस्ताक ने बिजली लाइन पहुंचाने, कुसुम लता ने गरीबों को आंबेडकर नवीनीकरण योजना का लाभ दिलाने तथा राजबाला ने सड़क किनारे खड़े पुराने पेड़ों को कटवाने की मांग रखी।
अफलातून ने गांव में सफाई व्यवस्था सुधारने और तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग उठाई। इस अवसर पर एसडीएम रोहित कुमार, सीईओ जिला परिषद सुशील कुमार, डिप्टी सीईओ जसविंद्र सिंह, जीएम रोडवेज संजय रावल, डीईओ प्रेम लता, एक्सईएन नरेश कुमार, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ताहरपुर कलां गांव में अधिकारियों को अपनी शिकायत बताती महिला। डीआईपीआरओ