संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। नवजात के साथ सफर करने वाली महिलाओं को स्टेशन पर भीड़ के कारण शिशु को स्तनपान करवाने में परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे की ओर से विशेष योजना चलाई गई है। इसके तहत रेलवे स्टेशन पर ब्रेस्ट फीडिंग रूम बनाए जा रहे हैं। वही यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर यह सुविधा नहीं है। नवजात के साथ सफर करने वाली महिलाओं को स्टेशन पर दूध पिलाने में दिक्कत होती है। विशेष रूम न होने से महिलाओं को खुले शिशु को स्तनपान करवाना पड़ता है। भीड़ में महिलाएं शर्मिंदगी व असहज महसूस करती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने स्टेशन पर ब्रेस्ट फीडिंग रूम बनाने की योजना चलाई है। महिलाओं को सफर के दौरान अभी भी खुले में शिशु को दूध पिलाना पड़ रहा है।
पहले यहां पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत नवीनीकरण के चलते ब्रेस्ट फीडिंग रूम नहीं बन पाया। वहीं, अब स्टेशन का काम पूरा हो चुका है, लेकिन ब्रेस्ट फीडिंग रूम नहीं बनाए गए। ऐसे में महिला यात्रियों को परेशानी हो रही है। यमुनानगर जगाधरी स्टेशन से प्रतिदिन तीन से पांच हजार यात्री सफर करते हैं। यहां से पूर्वोत्तर व पूर्वांचल के यात्री सबसे ज्यादा है।
इन दिनों वैवाहिक सीजन चल रहा है। जिसके चलते इन दिनों ट्रेनों में भी भीड़ चल रही है। वहीं, महाकुंभ के कारण भी गाड़ियों व स्टेशन पर भीड़ देखने को मिल रही है। ऐसे में शिशुओं के साथ सफर करने वाली महिलाओं को परेशानी हो रही है।शहर के राजकुमार, सतेंद्र कुमार, मीना कुमार, राधा रानी, पुष्पेंद्र, उमेंश कुमार, शिखा ने कहा कर रेलवे स्टेशन पर महिलाओं के लिए यह सुविधा जरूरी है। रेलवे को इसकी व्यवस्था करनी चाहिए।