संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांव रटौली में मंगलवार रात कमरे में फर्राटा पंखे से करंट लगने पर निजी स्कूल के बस चालक सन्नी (34) की मौत हो गई। सन्नी फर्राटा पंखा लगाकर चारपाई पर सो रहा था, तभी नींद में उसका पैर लगने से एक तार प्लग से बाहर निकलकर शरीर को छू गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया।
सन्नी की आवाज सुन परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव रटौली निवासी ललित ने बताया कि उनका भतीजा सन्नी भगवान परशुराम स्कूल जगाधरी में बस चालक था। मंगलवार रात आठ बजे सन्नी को मां ने खाना दिया। सन्नी खाना खाने के बाद अपने कमरे में जाकर लेट गया।
सन्नी ने चारपाई के पास फर्राटा पंखा लगा रखा था। रात करीब नौ बजे सन्नी के चीखने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोग तुरंत उसके कमरे में पहुंचे, जहां देखा कि सन्नी चारपाई से नीचे बेसुध पड़ा है। दायां पैर जलकर काला हो चुका था। गांव के डॉक्टर को घर बुलाया, जिसने सन्नी को अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
तब सन्नी को जगाधरी के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां चिकित्सक ने सन्नी को मृत घोषित कर दिया। ललित के अनुसार सन्नी के पिता की भी तबीयत खराब रहती है, जिस कारण वे घर पर ही रहते हैं।
सन्नी का छोटा भाई देवेंद्र फैक्टरी में काम करता है। परिवार की जिम्मेदारी बड़े बेटे सन्नी पर ही थी, जिसकी मौत से परिवार को बड़ा झटका लगा है। परिवार के लोग सन्नी की शादी करने की सोच रहे थे, पर मंगलवार रात सन्नी की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद मृतक सन्नी के परिजन। संवाद