संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। समग्र शिक्षा अभियान के तहत मंगलवार को झंडा चौक राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में जिले के 60 प्राचार्यों को विद्यालय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण की शुरुआत मुख्यातिथि जगाधरी एसडीएम विश्वनाथ और जिला परियोजना अधिकारी केएस संधावा ने की। इस दौरान एसडीएम ने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई की गुणवत्ता और अनुशासन बनाए रखने में प्राचार्य की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उनके निर्णय, कार्यशैली और शिक्षकों के साथ समन्वय का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और विद्यालय के वातावरण पर पड़ता है।
जिला परियोजना अधिकारी संधावा ने बताया कि प्राचार्यों की जिम्मेदारी केवल प्रशासनिक कामकाज तक सीमित नहीं है। शिक्षकों का मार्गदर्शन करना, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देना, नए शिक्षण प्रयोगों को प्रोत्साहित करना और विद्यालय के विकास की योजना तैयार करना भी उनकी जिम्मेदारियों में शामिल है।
बॉक्स
तनाव प्रबंधन की भी मिलेगी जानकारी
शिविर आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से बिंदु और सुरेंद्र प्रतिभागियों को योग, व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन की जानकारी देंगे। विभिन्न गतिविधियों से कार्यक्षेत्र में तनाव कम करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सकारात्मक वातावरण बनाए रखने के तरीकों पर चर्चा होगी।