संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शिक्षा विभाग द्वारा अगले सत्र में 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के हाथ में टैबलेट देने की तैयारी की जा रही है। इससे विद्यार्थियों को पठन कार्य में काफी मदद मिलेगी। टैब के साथ पहल सॉफ्टवेयर व दो जीबी डाटा भी दिया जाएगा।
इस योजना को अगले सत्र से शुरू करवाने के लिए शिक्षा विभाग पूरी तैयारी में जुटा हुआ है। योजना के अनुसार पहले चरण में प्रदेश के पांच जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, करनाल, जींद और अंबाला को चुना गया है। दूसरे चरण में यमुनानगर समेत अन्य जिलों में छात्रों को टैबलेट दिए जाएंगे
मौजूदा समय में जिला में 11वीं और 12वीं कक्षा के कुल 15360 विद्यार्थी सरकारी स्कूलों में पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें 11वीं में छात्र 3802 और छात्राएं 3907 व 12वीं में 3614 छात्र और 3937 छात्राएं हैं। मगर यह टैबलेट इन विद्यार्थियों को नहीं दिए जाएंगे। चूंकि इस साल का सत्र खत्म होने के नजदीक आ गया है, इसलिए अगले सत्र की शुरुआत के साथ ही विद्यार्थियों को यह टैबलेट उपलब्ध हो सकते हैं। हालांकि यह योजना 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए भी है। मगर विभाग अभी 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को यह टैबलेट देना चाहता है।
आने वाले सत्र में 11वीं और 12वीं क्लास के विद्यार्थियों को यह टैबलेट दिए जाने हैं। इसमें विद्यार्थियों को दो जीबी डाटा भी मिलेगा। इस परियोजना में यमुनानगर जिले को दूसरे चरण में शामिल किया गया है। उम्मीद है जल्द ही यमुनानगर के बच्चों को भी यह टैबलेट मिलेंगे।
- सतपाल कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी।
फोटो-7